Britannia Industries Q2 Results: बिस्किट बनाने वाली दिग्गज कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही (Q2FY26) के नतीजे जारी किए। कंपनी का मुनाफा उम्मीद से बेहतर रहा।
शुद्ध लाभ में 23% की बढ़ोतरी
कंपनी का शुद्ध लाभ इस तिमाही में 23.23% बढ़कर 655.06 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 531.55 करोड़ रुपये था। मुनाफे में यह बढ़ोतरी कच्चे माल की स्थिर कीमतों और लागत कम करने की रणनीति से संभव हुई।
राजस्व और आय का हाल
उत्पादों की बिक्री से राजस्व 4% बढ़कर 4,752.17 करोड़ रुपये रहा।
कुल परिचालन आय 3.7% बढ़कर 4,840.63 करोड़ रुपये हो गई।
अन्य आय सहित कुल आय 3.8% बढ़कर 4,892.74 करोड़ रुपये रही।
कंपनी का कुल खर्च लगभग स्थिर रहा और 4,005.84 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी के वाइस-चेयरमैन का बयान
ब्रिटानिया के वाइस चेयरमैन और एमडी वरुण बेरी ने कहा कि कंपनी ने “राजस्व में संतुलित वृद्धि” हासिल की है और मुनाफा भी 23% से ज्यादा बढ़ा है। उन्होंने बताया कि यह नतीजे कच्चे माल की स्थिर कीमतों और लागत घटाने के लगातार प्रयासों का नतीजा हैं।
गौरतलब है कि, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में कंपनी की कुल आय 6.12% बढ़कर 9,571.97 करोड़ रुपये हो गई।
जीएसटी और मांग पर असर
बेरी ने कहा कि हाल ही में जीएसटी दरों में किए गए बदलाव उपभोक्ता मांग को बढ़ावा देंगे और आर्थिक माहौल को मजबूत करेंगे। हालांकि, इन बदलावों से आपूर्ति शृंखला में कुछ अस्थायी दिक्कतें आईं, लेकिन अगली तिमाही तक हालात सामान्य हो जाएंगे।
नए सीईओ की नियुक्ति
कंपनी ने रक्षित हरगवे को नया सीईओ नियुक्त किया है, जो 15 दिसंबर से पद संभालेंगे। वे राजनीत कोहली की जगह लेंगे, जिन्होंने मई में इस्तीफा देकर हिंदुस्तान यूनिलीवर जॉइन किया। इस बीच, वरुण बेरी अंतरिम सीईओ की भूमिका निभा रहे थे।