
ग्लोबल ब्रोकरेज कंपनी HSBC ने भारतीय शेयर बाजार पर अपना नजरिया बदला है। HSBC ने उम्मीद जताई है कि भारत के इक्विटी बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स में 2026 के अंत तक करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। ऐसे में 2026 के आखिर तक सेंसेक्स 94,000 के आंकड़े को छू लेगा। HSBC का कहना है कि यह बदलाव बेहतर मार्केट वैल्यूएशन, सरकार की अच्छी नीतियों और घरेलू निवेशकों की लगातार भागीदारी के कारण हुआ है। फर्म ने सेंसेक्स का लक्ष्य 94,000 रखा है। HSBC का कहना है कि चीन के मुकाबले देसी शेयरों में ज्यादा वैल्यू है।
रायटर्स में छपी खबर के मुताबिक, इस साल भारतीय बाजार अपने एशियाई और उभरते बाजारों के मुकाबले पिछड़ गए हैं क्योंकि कंपनियों की कमजोर आय, ऊंचे मूल्यांकन और भारी विदेशी बिकवाली के कारण बाजार पर दबाव बना रहा। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 2025 में अब तक 16.8 अरब डॉलर के भारतीय शेयर बेचे हैं, जिससे यह बाजार निकासी के रिकॉर्ड वर्ष की ओर बढ़ रहा है। हालांकि अक्टूबर के बाद से आय में सुधार के साथ बिकवाली कम हुई है।
निफ्टी और सेंसेक्स इस साल अब तक करीब 10 फीसदी चढ़े हैं। गुरुवार को बेंचमार्क सितंबर 2024 की अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 0.6 फीसदी पीछे था। एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च के हेरल्ड वान डेर लिंडे की अगुआई में विश्लेषकों ने एक नोट में कहा कि 14 महीने की सुस्ती के बाद आय में सुधार के संकेत और मूल्यांकन में कमी के कारण भारत एक बार फिर आकर्षक लग रहा है। ब्रोकरेज कंपनी ने कहा कि कमाई में सुधार हो रहा है। आने वाली तिमाहियों में बैंकों का मार्जिन बढ़ेगा। ऑटो समेत कंज्यूमर कंपनियों को गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) में कटौती और कम ब्याज दरों से फायदा होगा।
ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि भारत उभरते बाजारों से नए सिरे से निवेश आकर्षित करने की अच्छी स्थिति में है। फिस्कल और मॉनेटरी पॉलिसी दोनों 2026 की शुरुआत में ग्रोथ को सपोर्ट करेंगी। HSBC को उम्मीद है कि भारत में इमर्जिंग मार्केट इनफ्लो फिर से बढ़ेंगे। भारत के साथ-साथ ब्रोकरेज मुख्यभूमि चीन, हॉन्गकॉन्ग और इंडोनेशिया पर ओवरवेट है जबकि ताइवान, दक्षिण कोरिया, जापान, सिंगापुर और थाईलैंड पर अंडरवेट है। बता दें कि HSBC ने भारतीय शेयर बाजार पर सितंबर महीने में अपना नजरिया बदल लिया था। उसने भारत को 'न्यूट्रल' से अपग्रेड करके 'ओवरवेट' कर दिया।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.