
BSE Share Price: शेयर बाजार में आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के शेयरों में बड़ी हलचल देखने को मिली। सोमवार को जारी हुए शानदार तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजों के बाद मंगलवार को बाजार खुलते ही BSE के शेयरों में जबरदस्त लिवाली देखी गई। आज के शुरुआती कारोबार में ही इसके शेयर 6% की छलांग लगाकर 3,175 रुपये के नए 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। BSE लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में प्रॉफिट में सालाना आधार पर 174% की बढ़त हासिल की है, जो बढ़कर 603 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, पिछले साल की समान तिमाही में यह महज 220 करोड़ रुपये था। वहीं, तिमाही आधार पर भी इसमें 12% की तेजी दर्ज की गई है।
दिसंबर 2025 तिमाही में BSE का रेवेन्यू 62% बढ़कर 1,244 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह ट्रांजैक्शन चार्जेस है। BSE का ट्रांजैक्शन चार्जेस 511 करोड़ रुपये से सीधे उछलकर 952 करोड़ रुपये हो गया। इसका मतलब है कि BSE के प्लेटफॉर्म पर निवेशक पहले से ज्यादा एक्टिव हुए हैं। इसके अलावा, कॉर्पोरेट सर्विसेज से होने वाली आय में भी सुधार देखा गया है। यह 156 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, क्लियरिंग और सेटलमेंट से होने वाली ट्रेजरी आय में मामूली गिरावट देखी गई। यह पिछले साल के 48 करोड़ रुपये से कम होकर 42.9 करोड़ रुपये रही।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के इक्विटी डेरिवेटिव्स बिजनेस ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। ऑप्शंस में औसत रोजाना का नोशनल टर्नओवर बढ़कर 210 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में ये 105 लाख करोड़ था। वहीं, पिछली तिमाही में 164 लाख करोड़ के आसपास था। यानी एक साल में लगभग दोगुना की बढ़ोतरी हुई है। कमाई की बात करें तो BSE ने इस तिमाही में कोर SGF को मिलाकर ऑपरेटिंग EBITDA 732 करोड़ रुपये कमाया। पिछले साल इसी तिमाही में ये महज 235 करोड़ था और पिछली तिमाही में 680 करोड़ था।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में बीएसई लिमिटेड का ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन 59% दर्ज किया गया है, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 31% था। वहीं, पिछले तिमाही में दर्ज 64% के मुकाबले इसमें मामूली गिरावट आई है।
बता दें कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के शेयरों ने लॉन्ग टर्म में अपने निवेशकों को बंपर रिटर्न दिया है। पिछले एक महीने के दौरान इसके शेयर 11 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त हासिल किए हैं,जबकि 6 महीने की अवधि में लगभग 30 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, एक वर्ष के दौरान निवेशकों को 65 प्रतिशत से ज्यादा का अच्छा रिटर्न मिला है। इसके अलावा, पांच वर्ष की दीर्घकालिक अवधि में 4,600% से ज्यादा की तेजी दर्ज की है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.