Central Mine Planning & Design Institute IPO details: शेयर बाजार में उठापठक के बीच आज, 20 मार्च को कोल इंडिया (Coal India) की सब्सिडियरी सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI) का मचअवेटेड आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है। वहीं, 24 मार्च तक निवेशक इस सार्वजनिक पेशकश में बोली लगा सकते हैं। 21 और 22 मार्च को शनिवार और रविवार होने के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा। ऐसे में इन दो दिनों में बिडिंग नहीं की जा सकेगी। सरकारी क्षेत्र की इस मिनी रत्न कंपनी के जरिए बाजार से 1,842 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। शेयरों का अलॉटमेंट 25 मार्च तक पूरा होने की संभावना है, जबकि एक्सचेंजों पर शेयरों की लिस्टिंग 30 मार्च को होगी।
CMPDI आईपीओ प्राइस बैंड
CMPDI का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) इश्यू है। इसमें एक भी नए शेयर नहीं जारी किए जाएंगे। केवल कंपनी की प्रमोटर कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी कम कर रही है। इसके तहत 2 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 10.71 करोड़ इक्विटी शेयर बाजार में उतारे जा रहे हैं। कंपनी ने शेयरों के लिए 163 रुपये से 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड सेट किया है।
कम से कम इतने रुपये करने होंगे निवेश
इस आईपीओ में निवेशकों को कम से कम एक लॉट के लिए बोली लगाना अनिवार्य है। एक लॉट में 80 शेयर शामिल हैं। ऐसे में अपर प्राइस बैंड के आधार पर कम से कम 13,760 रुपये का निवेश करना होगा। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए अलग-अलग कैटेगरी तय की गई है। छोटे NII कम से कम 15 लॉट और बड़े NII 73 लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
CMPDI IPO GMP Today
अगर CMPDI के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) की बात करें, तो यह शुक्रवार, 20 मार्च को सुबह 2.33% था। इस आधार पर इसकी लिस्टिंग 176 रुपये के आसपास होने की उम्मीद है। वहीं, सोमवार को CMPDI का GMP 13% पर था, जो 193 रुपये के भाव पर लिस्टिंग का संकेत दे रहा था। बता दें कि ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पूरी तरह से बाजार की मौजूदा स्थिति पर निर्भर करता है और इसमें बदलाव होता रहता है।