Coforge Q4 Results 2026: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी कोफोर्ज (Coforge) के निवेशकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने अपने चौथी तिमाही के नतीजों की तारीख का ऐलान कर दिया है। कंपनी तिमाही रिजल्ट्स के साथ-साथ अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड पर भी विचार कर सकती है। कोफोर्ज ने रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक मंगलवार, 5 मई 2026 को होने जा रही है। इस बैठक का मुख्य एजेंडा 31 मार्च 2026 को समाप्त हुई तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के ऑडिटेड फाइनेंशियल रिजल्ट्स को मंजूरी देना है। कंपनी ने आगे कहा कि बोर्ड इस बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए डिविडेंड के भुगतान पर विचार करेगा।
कैसी है कंपनी की वित्तीय सेहत?
अगर कंपनी के पिछली तिमाही के नतीजों पर नजर डालें, तो इसने अक्टूबर-दिसंबर 2025 की अवधि में शानदार रिजल्ट पेश किया था। इस दौरान कोफोर्ज का नेट प्रॉफिट 16% की शानदार बढ़त के बाद 296.7 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, ऑपरेशन से रेवेन्यू में 28.5% का उछाल आया और यह 4,188.1 करोड़ रुपये पहुंच गया। कोफोर्ज के CEO सुधीर सिंह के मुताबिक, मंदी और छुट्टियों वाली तिमाही होने के बावजूद कंपनी ने 5.1% की क्रमिक वृद्धि हासिल की थी, जो उनकी मजबूत बिजनेस स्ट्रैटजी को दिखाता है।
AI के साथ बड़ी तैयारी
आईटी सेक्टर में इन दिनों AI को लेकर काफी चर्चा है। कोफोर्ज का मानना है कि AI उनके काम को कम करने के बजाय नए रास्ते खोलेगा। कंपनी के CEO ने कहा कि जिन सर्विस प्रोवाइडर्स के पास डोमेन और टेक्निकल नॉलेज है, उनके लिए AI एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। खासतौर पर एनकोरा (Encora) के साथ जुड़ने के बाद कंपनी डेटा, क्लाउड और AI इंजीनियरिंग सेक्टर में 2 अरब डॉलर का एक मजबूत बेस तैयार कर रही है। कंपनी के पास फिलहाल 1.72 बिलियन डॉलर का एग्जीक्यूटेबल ऑर्डर बुक है, जो अगले 12 महीनों के लिए ग्रोथ की गारंटी देता है। इसके अलावा, कंपनी ने पिछली तिमाही में 6 बड़ी डील साइन की हैं।
रुपये में गिरावट का कंपनी को होगा सीधा फायदा
बता दें कि ग्लोबल फर्म Jefferies ने भारतीय रुपये में हो रही गिरावट को कोफोर्स के लिए सीधा फायदा बताया है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि रुपये में हर 1% की गिरावट से कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) में 3.7% से 5.2% तक का उछाल आ सकता है। वहीं, ऑपरेशन के लिए कंपनी ने अपने हेडकाउंट में भी इजाफा किया है। यह अब बढ़कर 35,341 हो गया है। सबसे राहत की बात यह है कि कंपनी का एट्रिशन रेट गिरकर 10.9% रह गया है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।