
Dhanteras, Diwali 2026: गुरुवार, 5 नवंबर को ज्वेलरी शेयरों पर सबकी नजर टिकी हुई है। धनतेरस से पहले इनमें फिर से खरीदारी देखने को मिल रही है। इसकी वजह ये है कि सोने की कीमतों में तेजी से रिकवरी आी है। इससे सेक्टर को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। पिछले छह महीनों में सोने की कीमतों में लगभग 12 फीसदी की गिरावट आई थी, लेकिन अब इनमें फिर से उछाल आया है। इससे निवेशकों को कुछ राहत मिली है और त्योहारों और आने वाले शादी-विवाह के सीज़न के दौरान ज्वेलरी की मांग में सुधार की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को 0316 GMT तक स्पॉट गोल्ड 1.9% बढ़कर 4,134.83 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। 22 अक्टूबर के बाद यह इसका हाई लेवल है। दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.8% बढ़कर 4,144.20 डॉलर प्रति औंस हो गए। यह हालिया तेजी, पिछले सत्र में स्पॉट गोल्ड में आई 3.4% की उछाल के बाद देखने को मिली है। 19 अगस्त के बाद से एक दिन में आई सबसे बड़ी बढ़त है।
जानकारों का कहना है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी के मजबूत प्रदर्शन के बाद डॉलर में कमजोरी आई है। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट के कारण यह उछाल आया। डॉलर के कमजोर होने से विदेशी खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो जाता है, जबकि बॉन्ड यील्ड कम होने से बिना ब्याज वाले सोने के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ जाता है।
कीमती धातुओं की कीमतों में यह सुधार धनतेरस से पहले आया है, जब पारंपरिक रूप से सोने की खरीदारी में तेजी आती है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) ने अपने ताजा तिमाही आउटलुक में कहा है कि त्योहारों और शादियों के सीजन से सोने की मांग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार की जा रही खरीदारी से भी अगले 12 महीनों में कीमतों को और सहारा मिल सकता है।
गुरुवार के सत्र में टाइटन, कल्याण ज्वैलर्स, स्काई गोल्ड, पी एन गाडगिल ज्वैलर्स, सेंको गोल्ड, शांति गोल्ड, श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र, त्रिभुवनदास भीमजी ज़वेरी, खजांची ज्वैलर्स और ललिता ज्वैलरी मार्ट जैसे ज्वैलरी शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।
चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के रिसर्च एनालिस्ट प्रियम टोलिया ने कहा कि सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद ग्राहकों की मजबूत मांग के चलते, पिछले कई तिमाहियों से ज्वेलरी सेक्टर का प्रदर्शन रिटेल इंडस्ट्री के मुकाबले लगातार बेहतर रहा है। संगठित ज्वेलर्स ने अपने स्टोरों का तेजी से विस्तार करके, खासकर टियर-II और टियर-III शहरों में, बाजार में अपनी हिस्सेदारी में लगातार बढ़ोतरी की है।
चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज़ ने B2B ज्वेलरी निर्माता 'शांति गोल्ड' और 'श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र' को चुना है। टोलिया का मानना है कि क्षमता विस्तार, संगठित रिटेलरों द्वारा आउटसोर्सिंग में बढ़ोतरी और उत्पादों की व्यापक रेंज की मदद से, अगले 12-18 महीनों में कंपनी की कमाई में काफी अच्छी ग्रोथ देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज ने शांति गोल्ड के लिए ₹350 और श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र के लिए ₹330 का टारगेट प्राइस तय किया है।
लिस्टेड ज्वेलरी रिटेलर्स में, टाइटन और कल्याण ज्वेलर्स ऐसे प्रमुख स्टॉक हैं जिन पर नजर रखी जा सकती है। इनके मजबूत बिज़नेस प्रदर्शन और ग्रोथ की संभावनाओं को देखते हुए ये अहम बने हुए हैं। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में टाइटन के ज्वेलरी बिजनेस में सालाना आधार पर 21% की ग्रोथ हासिल की है। वहीं, कल्याण ज्वेलर्स ने भारत में अपने रेवेन्यू में 27% की ग्रोथ हासिल की, जिसमें मौजूदा स्टोरों की बिक्री (same-store sales) में 20% की बढ़ोतरी हुई है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि टाइटन की ब्रांड पोज़िशनिंग और काम करने की क्षमता (execution capabilities) अधिक मजबूत है, जबकि कल्याण ज्वैलर्स अपनी स्टोर विस्तार रणनीति के ज़रिए ग्रोथ के बेहतर अवसर पेश करता है। सेंको गोल्ड भी एक ऐसा स्टॉक है जिस पर नज़र रखी जा सकती है।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।