Dhoot Transmission, Molbio Diagnostics GMP Today: ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली कंपनी धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड का आईपीओ सोमवार को बोली के लिए खुला। पहले दिन इस पब्लिक इश्यू को 63 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ। NSE के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ में 2,49,56,363 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,56,51,645 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी में 1.09 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, रिटेल कोटा को 74 प्रतिशत, जबकि पात्र संस्थागत खरीदारों (QIB) सेगमेंट को 6 प्रतिशत बोलियां मिलीं।
250 रुपये के प्रीमियम पर धूत ट्रांसमिशन GMP (Dhoot Transmission GMP Today)
मंगलवार, 11 अगस्त को धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड का जीएमपी (GMP) ₹250 प्रीमियम पर चल रहा है। इस आधार पर शेयरों की लिस्टिंग 1121 रुपये के भाव पर होने की उम्मीद है। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 829-871 रुपये का प्राइस बैंड सेट किया है। बता दें कि ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पूरी तरह शेयर बाजार की मौजूदा स्थिति पर निर्भर करता है और इसमें लगातार बदलाव होता रहता है।
पहले दिन 80 फीसदी भरा मोलबायो डायग्नोस्टिक्स IPO
मोलबायो डायग्नोस्टिक्स सार्वजनिक पेशकश (IPO) भी सोमवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। पहले दिन इस आईपीओ को निवेशकों ने 80 प्रतिशत से अधिक सब्सक्राइब किया। इसे रिटले निवेशकों की कैटेगरी में 0.77 गुना बोलियां मिलीं, जबकि नॉन-इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) सेगमेंट में 0.73 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टिट्यूशनल बायर्स (QIBs) कोटे में 1 गुना बोली हासिल हुई। टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी के समर्थन वाली पॉइंट-ऑफ-केयर डायग्नोस्टिक्स कंपनी मोलबायो डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड ने आईपीओ के लिए 768-807 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड सेट किया है। कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए 904 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।
मोलबायो डायग्नोस्टिक्स GMP आज (Molbio Diagnostics GMP Today)
मंगलवार, 11 अगस्त को मोलबायो डायग्नोस्टिक्स का जीएमपी (GMP) ₹127 रुपये प्रीमियम पर है। इस आधार पर शेयरों की लिस्टिंग ₹934 रुपये प्रति शेयर पर होने की उम्मीद है। पिछले एक सप्ताह में इस आईपीओ का जीएमपी 220 रुपये तक पहुंचा था। गोवा स्थित कंपनी के आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों की तरफ से 91.66 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) के जरिए की जा रही है।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।