
Diwali 2026 Muhurat Trading Date and Time: दीपावली के मौके पर लोग निवेश करना शुभ मानते हैं। त्योहार के महौल के बीच हर साल शेयर बाजार में स्पेशल ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाता है। शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए इस बार भी लक्ष्मी पूजा के दिन स्पेशल ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने पहले ही अपना कार्यक्रम जारी कर दिया था। इस बार 8 नवंबर 2026 को दिवाली लक्ष्मी पूजन के पावन अवसर पर निवेशक अपनी पसंदीदा कंपनियों के शेयरों की खरीद-फरोख्त कर सकेंगे। इस दिन रविवार की साप्ताहिक छुट्टी है, लेकिन दशकों पुरानी परंपरा को निभाते हुए बाजार एक तय समय के लिए खुलेगा।
सप्ताह के बाकी दिनों के मुकाबले मुहूर्त ट्रेडिंग का नियम और समय पूरी तरह अलग रहता है। आम दिनों में भारतीय शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक काम करता है। हालांकि, दिवाली के दिन ऐसा नहीं होगा। नियमित कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। लेकिन मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए सीमित समय के लिए स्पेशल सेशन आयोजित किया जाएगा।
एक्सचेंजों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्री-ओपनिंग सेशन दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक चलेगा। इसके ठीक बाद, इक्विटी ट्रेडिंग सेशन दोपहर 2:20 बजे शुरू होकर 3:30 बजे खत्म हो जाएगा। यानी निवेशकों के पास इस स्पेशल विंडो में डील के लिए 45 मिनट का सीमित समय रहेगा।
भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग एक गहरी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा हुआ है। दिवाली पर इसे नए हिंदू वित्तीय वर्ष की शुरुआत के तौर पर देखा जाता है। कई परिवार और नए निवेशक इसे अपनी निवेश यात्रा शुरू करने का सबसे शुभ दिन मानते हैं। इस दिन लोग सांकेतिक रूप से शेयर खरीदकर अपने पोर्टफोलियो में समृद्धि की कामना करते हैं। यही वजह है कि छुट्टी का दिन होने के बावजूद दलाल स्ट्रीट में उत्सव का माहौल रहता है और बड़ी संख्या में निवेशक हिस्सा लेते हैं।
बता दें कि मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन बाजार में उत्साह देखने को मिलता है, लेकिन रोजाना की तरह ही काम करता है। परंपरा के अनुसार यह सत्र शुभ जरूर माना जाता है, पर यह किसी भी प्रकार के मुनाफे की गारंटी नहीं देता। बाजार की चाल हमेशा कंपनियों की मजबूती और आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करती है। ऐसे में किसी भी शेयर में पैसा लगाने से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स, वैल्यूएशन और अपने फाइनेंशियल टार्गेट का आकलन करना जरूरी है।