
Diwali Stock Picks 2026: दिवाली के साथ शेयर बाजार नए संवत 2083 में प्रवेश करने जा रहा है। निवेशक इस मौके पर अपने पोर्टफोलियो को नए सिरे से तैयार करने की रणनीति बना रहे हैं। बीते संवत में बाजार में उतार-चढ़ाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितताओं ने निवेशकों का भरोसा कमजोर किया। संवत 2082 के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली, वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनावों ने बाजार के सेंटिमेंट पर दबाव पड़ा है। हालांकि, अब ब्रोकरेज फर्म नुवामा वेल्थ को भारतीय शेयर बाजार में सुधार की संभावना दिखाई दे रही है।
नुवामा वेल्थ के टेक्निकल डेस्क का मानना है कि भारतीय इक्विटी के लिए रिस्क-रिवॉर्ड बेहतर हो रहा है। इसके पीछे आकर्षक वैल्यूएशन, विदेशी निवेशकों के बीच बहुत अधिक मंदी वाली स्थिति (बेयरिश पोजिशनिंग) और रिकवरी के संभावित कारण हैं। अपनी 'दिवाली पिक्स 2026' रिपोर्ट में, ब्रोकरेज फर्म ने पांच शेयरों की लिस्ट जारी की है। इसमें अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, कोफोर्ज, केडीडीएल, पंजाब नेशनल बैंक और ज़ाइडस लाइफसाइंसेज शामिल हैं।
नुवामा वेल्थ ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को संभावित टर्नअराउंड स्टॉक के रूप में चुना है। ब्रोकरेज के अनुसार, अप्रैल 2026 में शेयर ने करीब तीन साल के कंसोलिडेशन पैटर्न से ब्रेकआउट दिया था। इसके बाद इसमें तेजी आई। फिर से अब ब्रेकआउट स्तर की ओर करेक्शन देखने को मिल रहा है। यह स्तर 50% फिबोनाची रिट्रेसमेंट जोन के करीब है। नुवामा के मुताबिक, शेयर का मौजूदा स्तर पिछले ब्रेकआउट जोन के रीटेस्ट का संकेत दे रहा है। ब्रोकरेज का मानना है कि इस स्तर पर शेयर में निवेशकों के लिए बेहतर मौके सामने आ सकते हैं।
आईटी सेक्टर में कोफोर्ज नुवामा की पसंद में शामिल है। ब्रोकरेज के मुताबिक, शेयर ने अपने 200 हफ्ते के मूविंग एवरेज से मजबूत वापसी की है। नुवामा ने शेयर की रिलेटिव स्ट्रेंथ को भी सकारात्मक बताया है। जुलाई में जब व्यापक बाजार के कुछ इंडेक्स नए निचले स्तर बना रहे थे, तब कोफोर्ज अपने पिछले निचले स्तर से ऊपर बना रहा। ब्रोकरेज के मुताबिक, शेयर की यह मजबूती आगे भी जारी रह सकती है और कोफोर्ज आईटी सेक्टर के दूसरे शेयरों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
केडीडीएल भी नुवामा की दिवाली पिक में शामिल है। ब्रोकरेज के मुताबिक, शेयर ने करीब 30 महीने के सिमेट्रिकल ट्रायंगल पैटर्न से ब्रेकआउट दिया है। इससे पहले शेयर ने अपने 200 हफ्ते के मूविंग एवरेज से मजबूत रिकवरी आई है। तेजी के बाद शेयर अब पुराने रेजिस्टेंस जोन को टच कर सकता है। यह जोन अब सपोर्ट के तौर पर काम कर सकता है। नुवामा ने चार्ट के मुताबिक, इसमें आगे तेजी की संभावना नजर आ रही है।
नुवामा के तकनीकी विश्लेषण के मुताबिक, पंजाब नेशनल बैंक का शेयर लंबी अवधि के चार्ट पर निर्णायक ब्रेकआउट के मुहाने पर है। मासिक चार्ट पर शेयर 15 साल पुरानी डाउनवर्ड ट्रेंडलाइन के अहम रेजिस्टेंस जोन के करीब पहुंच गया है। चार्ट पर बन रहा सिमेट्रिकल ट्रायंगल पैटर्न भी संभावित ब्रेकआउट की ओर संकेत कर रहा है। इसमें लगातार लोअह आई (Lower Highs) और हाएर लो (Higher Lows) स्तर बन रहे हैं। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा है है कि लगातार हाएर लो का बनना शेयर में मजबूत होती खरीदारी का संकेत है।
फार्मा सेक्टर से नुवामा ने जायडस लाइफसाइंसेज को चुना है। ब्रोकरेज के मुताबिक, शेयर पिछले 15-18 महीनों से लगातार ऊंचे निचले स्तर बना रहा है। अप्रैल 2026 में करीब 18 महीने के प्राइस ब्रेकआउट के बाद सितंबर में इसमें अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही क्लोजिंग स्तर देखने को मिला है।
इसके अलावा, शेयर ने पांच महीने के कंसोलिडेशन से भी ब्रेकआउट दिया है। नुवामा के अनुसार, निफ्टी फार्मा इंडेक्स के मुकाबले शेयर की रिलेटिव स्ट्रेंथ भी मजबूत हो रही है। इससे फार्मा सेक्टर में इसकी स्थिति बेहतर होने के संकेत मिलते हैं।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।
जितेन्द्र सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से B.Sc (भौतिक शास्त्र और रसायन शास्त्र) की डिग्री हासिल की है। इसके बाद साल 2007 में मुंबई के भारतीय विद्या भवन से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन रेडियो एंड टीवी जर्नलिजम में एक साल का डिप्लोमा कोर्स किया। कोर्स खत्म होते है मुंबई में CNBC आवाज चैनल में प्रशिक्षण का मौका मिला। इस चैनल में खबरों की दुनिया और बिजनेस पत्रकारिता क्या है, इस बारे में जानने का मौका मिला। फिर मुंबई के प्रतिष्ठित CTV में काम करने का मौका मिला। यहीं से मुंबई को बारीकी से समझने का मौका मिला। मुंबई के समाचारों से हटकर एंटरटेनमेंट की दुनिया में कलर्स चैनल में एंट्री मिली। यहां बहुत कुछ सीखने को मिला। यहीं सोनी एंटरटेनमेंट चैनल में काम करने का मौका मिला। सोनी में कौन बनेगा करोड़पति शो टीम के हिस्सा रहे। इसके साथ ही सोनी के अन्य बहुचर्चित शो जैसे क्राइम पट्रोल, आहट, कॉमेडी सर्कस जैसे शो की टीम का हिस्सा रहे। कई संस्थानों में फ्रीलांसिंग स्क्रिप्ट राइटिंग करते रहे। एंटरटनमेंट के बाद फिर से बिजनेस पत्रकारिता में एंट्री मिली और मनीकंट्रोल के साथ जुड़ गए। यहां मनीकंट्रोल में बिजनेस आइडिया जैसा कॉलम लगातार 7 साल तक लिखे। यहां पर्सनल फाइनेंस, राजनीति समाचार, ट्रेडिंग न्यूज, हेल्थ, इकोनॉमिक, जैसे कई कैटेगरी की खबरों पर कलम की घिसाई की। जितेंद्र सिंह उन चुनिंदा पत्रकारों की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने जनरल एंटरटेनमेंट चैनल (GEC) और न्यूज दोनों जगह काम किए हों। दरअसल, मुंबई एंटरटेनमेंट और बिजनेस दोनों है। लिहाजा वहां रहकर दोनों जगह काम करने का मौका मिला। पत्रकारिता में 18 साल से ज्यादा का अनुभव है। अब लाइव मिंट के मिंट हिंदी से जुड़कर काम कर रहे हैं। यहां हर विषय लिखने का क्रम जारी है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.