
RIL Share Price Today: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) का शेयर बुधवार को भी 3.10 अंक (0.24%) चढ़कर 1,311 रुपये पर बंद हुआ। वहीं, जियो प्लैटफॉर्म्स के शेयरों में 15.70 (1.09%) की गिरावट देखी गई और इस शेयर में 1,421.70 रुपये के भाव पर बुधवार का कारोबार बंद हुआ। 28 अक्टूबर को जियो प्लैटफॉर्म्स के शेयरों की लिस्टिंग के बाद से आरआईएल के शेयर 9.59% मजबूत हो चुके हैं। सवाल है कि आरआईएल के शेयरों में यह तेजी जियो की लिस्टिंग की वजह से आ रही है और क्या यह तेजी आगे भी बनी रहेगी?
एक बात ध्यान रहे कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) जैसी विशालकाय कंपनियां कई क्षेत्रों में काम करती हैं। ऐसी कंपनियों के शेयरधारकों को एक आम समस्या का सामना करना पड़ता है, वो है- होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट। दरअसल, शेयर बाजार की प्रृवत्ति होती है कि वह किसी मूल कंपनी का मूल्यांकन उसके अलग-अलग बिजनेस के कुल मूल्य से कम आंकता है। आरआईएल भी इससे अछूता नहीं है। ऑइल से केमिकल, डिजिटल पावरहाउस से बड़े पैमाने पर फैले हुए रिटेल ऑपरेशंस तक, आरआईएल की एक छतरी के अंदर आते हैं।
जियो प्लैटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ, तब जाकर निवेशकों को एक विकल्प मिला। जो निवेशक रिलायंस के टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज सेगमेंट में सीधे निवेश करना चाहते हैं, वो अब आरआईएल के दूसरे सेगमेंट्स को छुए बिना सीधे जियो में निवेश कर सकते हैं। अब बाजार के जानकार जेपीएल की लिस्टिंग की वजह से आरआईएल के शेयरों में भी उछाल की उम्मीद कर रहे हैं।
सेंट्रम ब्रोकिंग के टेलीकॉम एनालिस्ट पीयूष पाण्डेय ने कहा, 'चूंकि जियो प्लैटफॉर्म्स अलग से लिस्ट हो चुका है और निवेशकों को इस बिजनेस में आरआईएल की वैल्यु साफ-साफ दिख रही है।' उन्होंने कहा, ‘इसने होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट को 30% से घटाकर 20-25% पर ला दिया है। इससे आरआईएल के शेयरधाकरों को अब ज्यादा वैल्यु पाने का मौका मिला है जिसकी बाजार पहले अनदेखा कर रहा था।’
जब शेयर बाजार एक विशालकाय कंपनी के अलग-अलग बिजनेस का संयुक्त मूल्यांकन सबके अलग-अलग के कुल मूल्य से कम आंकता है तब इसे होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट कहा जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि निवेशक यह गुत्थी नहीं सुलझा पाते हैं कि अलग-अलग कंपनियों का उचित मूल्यांकन क्या हो सकता है और उनके बीच पूंजी का बंटवारा कितनी कुशलता से किया गया है।
13 अक्टूबर को आई रेलीगेयर ब्रोकिंग की रिपोर्ट में कहा गया था, 'ऐतिहासिक रूप से विशालकाय कंपनी के शेयरों पर होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट मिलता रहा है।' रिपोर्ट ने कहा था कि जेपीएल की लिस्टिंग से रिलायंस के इस बड़े कारोबार की अलग से कीमत तय हो सकेगी। इससे निवेशकों को यह समझने में आसानी होगी कि रिलायंस के इस कारोबार की असली मार्केट वैल्यू कितनी है। साथ ही, रिलायंस के शेयरों पर लागू होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट भी घट सकता है।
अब जब जियो प्लैटफॉर्म्स का बाजार मूल्यांकन 12.5 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, तो इसमें रिलायंस की 65% हिस्सेदारी 8.8 लाख करोड़ रुपये की हो गई है। पीयूष पाण्डेय कहते हैं कि अगर 25% डिस्काउंट को अब घटा दें तो आरआईएल शेयरधारकों की संपत्ति 6.4 लाख करोड़ रुपये के आसपास बैठती है। नए सिरे से हुआ यह मूल्यांकन आरआईएल के मार्केट कैप में भी झलक चुका है जो बुधवार, 4 नवंबर तक बढ़कर 17.80 करोड़ रुपये हो गया। जेपीएल की लिस्टिंग से पहले यह आंकड़ा 16.15 लाख करोड़ रुपये था।
हालांकि, एक्सपर्ट्स इस संभावना के प्रति भी आगाह कर रहे हैं कि पिछले पांच कारोबारी सत्रों में निवेशकों ने जिस तरह से व्यापक पैमाने पर खरीदारी की है, उससे भी आरआईएल के मार्केट कैप में बढ़त आई हो सकती है। दरअसल, अभी वैश्विक स्तर पर एआई कंपनियों के शेयरों से निवेशकों के निकलने की होड़ लगी है, इस कारण उनका पैसा भारतीय बाजार में लौट रहा है।
हालांकि, कर्म कैपिटल के फंड मैनेजर और रिसर्च हेड विनय जैन की राय बिल्कुल स्पष्ट है। उनका मानना है कि जियो प्लैटफॉर्म्स आगे भी आरआईएल के शेयरों में तेजी का सबब बनेगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के अलग-अलग कारोबार से उन्हें प्रबंधकीय मामलों में ज्यादा स्वायत्तता मिलती है। साथ ही, वो पूंजी आवंटन की प्राथमिकता तय करने में आजाद होते हैं और अपने ग्रोथ प्लांस पर रणनीतिक दृष्टि से आगे बढ़ सकते हैं। जैन ने कहा, 'अडानी एंटरप्राइजेज इसका एक उदाहरण है कि अलग-अलग लिस्ट हुई कंपनियां कैसे दीर्घकाल में शेयरधारकों की संपत्ति बढ़ाने में ज्यादा सक्षम हो सकती हैं।' .
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब अलग-अलग कारोबार एक-दूसरे के करीबी से जुड़े हों तो संभव है कि उन्हें अलग कर देने से अतिरिक्त आर्थिक मूल्य नहीं बने, जैसा कि वेदांता के केस में हुआ। ऐसे मामलों में निवेशकों को इतनी सुविधा मिल जाती है कि वह मजबूत बिजनेस वाली कंपनी के साथ बने रहे और कमजोर कारोबार वाली कंपनी से पल्ला झाड़ ले।
तो क्या जियो की लिस्टिंग से रिलायंस इंडस्ट्रीज उन निवेशकों के लिए लंबी अवधि का बेहतर निवेश विकल्प बन जाएगी, जो उसके डिजिटल बिजनेस की ग्रोथ का फायदा उठाना चाहते हैं? दूसरे शब्दों में कहें कि क्या लॉन्ग टर्म में जियो की बढ़त से आरआईएल में भी आनुपातिक वृद्धि देखने को मिलती रहेगी? एक्सपर्ट्स इससे सहमत नहीं हैं। सेंट्रम ब्रोकिंग के पीयूष पाण्डेय कहते हैं कि अगर जियो प्लैटफॉर्म्स का मार्केट वैल्यु बढ़ता है, लेकिन निवेशक आरआईएल के शेयरों पर बड़ा डिस्काउंट लगाते रहे तो फिर उसका शेयर जियो के अनुपात में ही भागने का चांस नहीं होगा।
डिजिटल ब्रोकिंग प्लैटफॉर्म 021 ट्रेड के संस्थापक और सीईओ इशान लजारस का मानना है कि आरएआई के शेयर आगे भी डिस्काउंट पर ही कारोबार करेंगे। निवेशकों के लिए बड़ा प्रश्न यह है कि वो आरआईएल के रिटेल, रिफाइनिंग और अन्य बिजनेस के लिए प्रभावी तौर पर कितना पे कर रहे हैं। यह जियो प्लैटफॉर्म्स में इसकी हिस्सेदारी और रिलायंस समूह पर 1.7 लाख करोड़ रुपये के कर्ज को ध्यान में रखकर तय किया जा सकता है।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के मजबूत तिमाही नतीजे आने से आरआईएल के शेयरों में बड़ी तेजी आई है। इसका समेकित राजस्व करीब 30% वार्षिक वृद्धि दर से बढ़कर 3.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है जबकि कंपनी का शुद्ध लाभ 40% बढ़कर 25,000 करोड़ रुपये हो गया। रिटेल से कमाई में गिरावट की भरपाई ऑइल टु केमिकल बिजनेस ने कर दी जिससे आरआईएल ने जुलाई-सितंबर तिमाही में ये शानदार आंकड़े प्राप्त किए। वहीं, जियो प्लैफॉर्म्स ने इसी अवधि में 11% की वृद्धि दर के साथ 40,500 करोड़ रुपये का राजस्व पा लिया। इसका ऑपरेटिंग मार्जिन भी एक वर्ष पहले 51.6% की तुलना में बढ़कर 54.1% पर पहुंच गया है जिससे कंपनी का शुद्ध लाभ 14% बढ़कर 8,387 करोड़ रुपये हो गया।
लजारस को लगता है कि और ग्राहकों को जोड़ने की भरपूर उम्मीद से जेपीएल का मार्जिन अभी और बढ़ेगा, लेकिन वो इस इस बात के लिए निवेशकों को सतर्क कर रहे हैं कि ग्राहकों में ऐसी वृद्धि की एक सीमा है। उन्होंने कहा, 'जियो के 54 करोड़ सब्सक्राइबर्स हो चुके हैं। अब मेरी नजर इस बात पर रहेगी कि ये ग्राहक और कितना ज्यादा पे करेंगे और टैरिफ बढ़ने पर कितने ग्राहक जियो से निकल जाएंगे। यह भी देखना होगा कि जियो ब्रॉडबैंड और एंटरप्राइस कस्टमर्स प्राप्त सेवाओं के लिए उचित भुगतान कितनी जल्दी करने लगते हैं।'
Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। इसमें दिए गए विचार और सुझाव एक्सपर्ट के हैं, मिंट हिंदी के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।
टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.