E2E Networks: Nvidia से हाथ मिलाते ही E2E का शेयर 20% चढ़ा, क्या है इसके मायने-अब तक कैसा रहा ट्रेंड, पढ़ें पूरी डिटेल

E2E Networks share: Nvidia के साथ AI फैक्ट्री कोलैबोरेशन की खबर पर 18 फरवरी को E2E Networks का शेयर 20% उछलकर 3,034.40 पहुंचा। फरवरी में अब तक 43% और साल की शुरुआत से 52% की तेजी दर्ज हुई। कंपनी Nvidia Blackwell GPU क्लस्टर बना रही है, हालांकि तिमाही में 57 करोड़ का घाटा रहा।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम लाइवमिंट.कॉम)
पब्लिश्ड18 Feb 2026, 12:58 PM IST
Nvidia से हाथ मिलाते ही E2E का शेयर 20% चढ़ा
Nvidia से हाथ मिलाते ही E2E का शेयर 20% चढ़ा

E2E Networks share price: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 18 फरवरी को टेक सेक्टर में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनी E2E Networks के शेयरों में अचानक 20% की तेजी आ गई। यह उछाल दिग्गज चिपमेकर कंपनी Nvidia के ऐलान की वजह से आया। दरअसल, Nvidia ने भारत में AI कंप्यूट की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए E2E समेत कुछ भारतीय क्लाउड कंपनियों के साथ कोलैबोरेशन की बात कही। निवेशकों ने इस खबर को बड़ा पॉजिटिव संकेत माना और शेयर सीधा अपर सर्किट तक पहुंच गया।

शेयर ने छुआ 3,034.40 का स्तर

NSE पर E2E Networks का शेयर 20% उछलकर 3,034.40 तक पहुंच गया। सिर्फ एक दिन की बात नहीं है, फरवरी महीने में अब तक यह स्टॉक करीब 43% चढ़ चुका है। साल 2026 की शुरुआत से इसमें लगभग 52% की तेजी दर्ज हुई है।

Trendlyne के आंकड़ों के मुताबिक, E2E नेटवर्क्स मल्टीबैगर स्टॉक बनकर सामने आया है। पिछले तीन साल में यह शेयर 1,760% तक उछला है और पांच साल में 6,455% की भारी बढ़त दे चुका है। हालांकि पिछले साल इसमें 50.66% की गिरावट भी दर्ज हुई थी।

इस कोलैबोरेशन की खासियत

Nvidia के साउथ एशिया मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल धूपर ने कहा कि भारत अब AI इनोवेशन का एक बड़ा हब बन चुका है। यहां डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और टेक पार्टनर्स का मजबूत नेटवर्क है, जो AI इकोसिस्टम को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

Nvidia ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि E2E Networks अपने TIR क्लाउड प्लेटफॉर्म पर Nvidia Blackwell GPU क्लस्टर तैयार कर रही है। यह क्लस्टर चेन्नई के L&T Vyoma डेटा सेंटर में होस्ट किया जाएगा। इस प्लेटफॉर्म में Nvidia HGX B200 सिस्टम, NVIDIA Enterprise सॉफ्टवेयर और Nvidia Nemotron ओपन मॉडल शामिल होंगे। इसका मकसद एजेंटिक AI, हेल्थकेयर, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर जैसे सेक्टर में “सॉवरेन AI डेवलपमेंट” को बढ़ावा देना है।

Nvidia का दबदबा क्यों मायने रखता है?

Nvidia की वैश्विक AI एक्सीलरेटर मार्केट में 80% से ज्यादा हिस्सेदारी मानी जाती है। ऐसे में उसके एंटरप्राइज-ग्रेड GPU तक पहुंच किसी भी क्लाउड कंपनी के लिए बड़ा प्रतिस्पर्धात्मक फायदा हो सकती है। INVasset PMS के बिजनेस हेड हर्षल दसानी के अनुसार, E2E के लिए यह सहयोग एडवांस्ड AI चिप्स तक संभावित प्राथमिक पहुंच और मजबूत इकोसिस्टम से जुड़ने का संकेत है।

भारत का क्लाउड मार्केट

भारत का पब्लिक क्लाउड सर्विसेज बाजार अगले कुछ वर्षों में 20–25% CAGR से बढ़ने का अनुमान है। खासकर AI वर्कलोड सबसे तेजी से बढ़ने वाले सेगमेंट्स में शामिल है। अगर E2E अपनी GPU क्षमता को बड़े स्तर पर बढ़ा पाती है, तो यह स्टार्टअप्स और मिड-साइज कंपनियों के लिए हाइपरस्केलर्स का लोकल विकल्प बन सकती है, खासकर कम लेटेंसी AI इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में।

रिस्क भी कम नहीं

दसानी ने चेतावनी दी कि निवेश का आकलन करते समय बैलेंस शीट और निष्पादन जोखिम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। E2E का रेवेन्यू बेस अभी ग्लोबल क्लाउड कंपनियों की तुलना में छोटा है। अगर बड़े पैमाने पर कैपेक्स किया गया और डिमांड अपेक्षित नहीं रही, तो वित्तीय अनुपात पर दबाव आ सकता है।

कंपनी के तिमाही नतीजों पर एक नजर

चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में E2E Networks ने 57 करोड़ का घाटा दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 155 करोड़ का मुनाफा हुआ था। हालांकि कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 68% बढ़कर 700 करोड़ रहा, जो पिछले साल 416 करोड़ था। EBITDA 61% बढ़कर 396 करोड़ पहुंचा। मार्जिन हल्का घटकर 56.6% रहा, जो पिछले साल 59.1% था। ऊंचे डिप्रिसिएशन खर्च ने मुनाफे को प्रभावित किया।

Netweb Technologies में भी तेजी

E2E के अलावा टेक कंपनी Netweb Technologies के शेयर भी 14% चढ़कर 3,531.70 पर पहुंच गए। कंपनी ने Nvidia के साथ सहयोग का ऐलान किया है। Netweb अपने Tyrone Camarero AI सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम लॉन्च कर रही है, जो Nvidia Grace Blackwell आर्किटेक्चर पर आधारित हैं। NVIDIA GB200 NVL4 प्लेटफॉर्म- जो भारत में “मेक इन इंडिया” मिशन के तहत बनाए जा रहे हैं, चार Nvidia Blackwell GPU और दो Nvidia Grace CPU से लैस होंगे। इनका उपयोग साइंटिफिक कंप्यूटिंग, मॉडल ट्रेनिंग और इंफेरेंस के लिए किया जाएगा।

E2E Networks और Netweb Technologies दोनों के शेयर Nvidia के साथ सहयोग की खबर से उछले। यह साझेदारी भारत में AI इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई दे सकती है। हालांकि निवेशकों को कंपनी की वित्तीय स्थिति और जोखिमों पर भी ध्यान देना होगा।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटE2E Networks: Nvidia से हाथ मिलाते ही E2E का शेयर 20% चढ़ा, क्या है इसके मायने-अब तक कैसा रहा ट्रेंड, पढ़ें पूरी डिटेल
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटE2E Networks: Nvidia से हाथ मिलाते ही E2E का शेयर 20% चढ़ा, क्या है इसके मायने-अब तक कैसा रहा ट्रेंड, पढ़ें पूरी डिटेल