मुंबई: दिसंबर के पहले सप्ताह में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने भारतीय शेयर बाजार से 12,055 करोड़ रुपये निकाल लिए। नवंबर में उन्होंने बाजार में 4,113 करोड़ रुपये का निवेश किया था, यानी दिसंबर में रुख बदल गया है।
अब तक दिसंबर में एफपीआई ने शेयरों में 11,820 करोड़ रुपये की बिकवाली की है और 531 करोड़ रुपये के डेट (बॉन्ड) भी बेचे हैं। हालांकि उन्होंने म्यूचुअल फंड में 272 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
जिओजीत इनवेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह में एफपीआई लगातार पांच दिन तक बेचने वाले रहे। इसके बावजूद बाजार पर इसका बड़ा असर नहीं पड़ा, क्योंकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इस दौरान 19,783 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे और गिरावट को संभाल लिया।
उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी आने पर विदेशी निवेशक आमतौर पर पैसा निकालते हैं। दूसरी तरफ, जीडीपी के अच्छे आंकड़ों से घरेलू निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और वे खरीदारी कर रहे हैं।
विजयकुमार के अनुसार, आने वाले समय में बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। पूरे साल की बात करें तो मौजूदा कैलेंडर वर्ष में एफपीआई ने कुल 57,306 करोड़ रुपये भारतीय बाजार से निकाले हैं। इस दौरान उन्होंने 1,49,313 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि डेट और म्यूचुअल फंड में उनका निवेश सकारात्मक रहा है।