मुंबई: विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) जून महीने में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से बड़ी रकम निकाल चुके हैं। केंद्रीय डिपॉजिटरी सर्विसेज (सीडीएसएल) के आंकड़ों के अनुसार, जून के पहले तीन हफ्तों में एफपीआई ने कुल 31,105 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।
सबसे ज्यादा असर शेयर बाजार पर देखने को मिला है। इस दौरान विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से 60,471 करोड़ रुपये की बिकवाली की। शुद्ध निकासी का मतलब है कि निवेशकों ने जितना पैसा लगाया, उससे अधिक रकम बाजार से बाहर निकाल ली।
इक्विटी के अलावा म्यूचुअल फंड में भी विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी घटी है। जून में उन्होंने म्यूचुअल फंड से 128 करोड़ रुपये और हाइब्रिड निवेश साधनों से 1,419 करोड़ रुपये निकाले हैं।
हालांकि, डेट यानी बॉन्ड बाजार में स्थिति अलग रही। विदेशी निवेशकों ने इस श्रेणी में 30,913 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसमें से लगभग 11,953 करोड़ रुपये की खरीदारी केवल पिछले सप्ताह में हुई।
विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी निवेशकों के लिए कर व्यवस्था और प्रक्रियाओं में किए गए बदलावों के कारण डेट बाजार उनकी पसंद बन रहा है।
भारतीय बाजार में एफपीआई की यह लगातार चौथे महीने की बिकवाली है। इससे पहले मई में 29,919 करोड़ रुपये, अप्रैल में 70,786 करोड़ रुपये और मार्च में 1,26,991 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई थी।
अगर पूरे वर्ष 2026 की बात करें तो जनवरी से अब तक एफपीआई भारतीय बाजार से कुल 2,50,025 करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से पैसा बाहर निकाला, जबकि डेट बाजार में निवेश बढ़ाया है।
केवल शेयर बाजार की बात करें तो इस साल अब तक विदेशी निवेशक 2,85,403 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली कर चुके हैं, जिससे भारतीय इक्विटी बाजार पर दबाव बना हुआ है।