मुंबई: विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार से बड़ी रकम निकाली है। इस दौरान उन्होंने कुल 23,377 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।
सीडीएसएल के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने इक्विटी बाजार से 14,185 करोड़ रुपये निकाल लिए। इसके साथ ही उन्होंने डेट सेगमेंट में भी बिकवाली की। हालांकि, म्यूचुअल फंड और हाइब्रिड निवेश विकल्पों में उन्होंने कुछ निवेश किया है।
डेट बाजार से एफपीआई ने 9,682 करोड़ रुपये की निकासी की। वहीं, म्यूचुअल फंड में उनका 77 करोड़ रुपये और हाइब्रिड इंस्ट्रूमेंट्स में 420 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश रहा।
करीब दो महीने बाद दिसंबर में एफपीआई एक बार फिर शुद्ध बिकवाल बनते दिख रहे हैं। यानी उन्होंने जितना पैसा लगाया, उससे ज्यादा निकाल लिया। इससे पहले नवंबर में उन्होंने 4,114 करोड़ रुपये और अक्टूबर में 35,246 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था।
पूरे मौजूदा कैलेंडर वर्ष की बात करें तो एफपीआई अब तक 68,628 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने केवल इक्विटी बाजार से ही 1,51,677 करोड़ रुपये निकाल लिए, जबकि डेट, म्यूचुअल फंड और हाइब्रिड सेगमेंट में उनका कुल निवेश अभी भी सकारात्मक बना हुआ है।