GAIL Dividend 2026: सरकारी गैस कंपनी GAIL (India) के शेयरधारकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड देने की तैयारी कर ली है। इसके लिए आज का दिन बेहद अहम है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹0.50 प्रति शेयर अंतिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके लिए 2 सितंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। ऐसे में डिविडेंड पाने की पात्रता के लिए शेयर खरीदने का आज आखिरी मौका है।
GAIL ने ₹10 के फेस वैल्यू वाले हर एक शेयर पर 5 फीसदी यानी ₹0.50 का अंतिम डिविडेंड घोषित किया है। यह वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अंतिम डिविडेंड है। कंपनी के बोर्ड ने मई में इसकी सिफारिश की थी और बाद में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद रिकॉर्ड डेट तय की गई।
आज ही क्यों खरीदना होगा GAIL का शेयर?
शेयर बाजार में शेयर खरीदने के बाद उसके आपके डीमैट खाते में आने में एक कारोबारी दिन लगता है। इसलिए अगर रिकॉर्ड डेट 2 सितंबर है तो डिविडेंड के लिए पात्र बनने के लिहाज से शेयर खरीदने का आज 1 सितंबर 2026 को आखिरी मौका है। 2 सितंबर को शेयर खरीदने वाले निवेशक इस डिविडेंड के लिए पात्र नहीं होंगे। यानी डिविडेंड पाने की इच्छा रखने वाले निवेशकों के लिए आज का कारोबारी सत्र काफी अहम है।
रिकॉर्ड डेट क्या है?
रिकॉर्ड डेट वह तारीख होती है जिस दिन कंपनी यह तय करती है कि उसके रिकॉर्ड में कौन-कौन से शेयरधारक डिविडेंड पाने के हकदार हैं। GAIL ने अंतिम डिविडेंड के लिए 2 सितंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसलिए रिकॉर्ड डेट से पहले शेयर का आपके डीमैट खाते में होना जरूरी है।
T+1 निपटान नियम क्या है?
जिस दिन शेयर खरीदते हैं वह T दिन है, और उसके अगले कारोबारी दिन शेयर का निपटान पूरा होता है। इसी को T+1 निपटान नियम कहते हैं।
डिविडेंड कब मिलेगा?
गेल की ओर से घोषित अंतिम डिविडेंड का पेमेंट पात्र शेयरधारकों को कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। कंपनी के फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक डिविडेंड का भुगतान इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया जाता है। यानी पात्र निवेशक के रजिस्टर्ड बैंक अकाउंट में रकम भेजी जाएगी।
इस साल GAIL ने कितना डिविडेंड दिया?
GAIL ने वित्त वर्ष 2025-26 में पहले भी डिविडेंड दिया था। जनवरी 2026 में कंपनी ने ₹5 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था, जिसकी रिकॉर्ड डेट 5 फरवरी 2026 थी। अब ₹0.50 प्रति शेयर अंतिम डिविडेंड के साथ वित्त वर्ष का कुल डिविडेंड ₹5.50 प्रति शेयर हो जाता है। कंपनी के मुताबिक वित्त वर्ष 2025-26 में कुल डिविडेंड भुगतान अनुपात 51.90% रहा।
जानिए गेल की आर्थिक सेहत कैसी है
वित्त वर्ष 2025-26 में GAIL का कारोबार चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष में ₹6,968 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह ₹11,312 करोड़ था। वहीं ऑपरेशन से रेवेन्यू ₹1.39 लाख करोड़ रहा, जो पिछले साल के ₹1.37 लाख करोड़ से थोड़ा ज्यादा था। यानी कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन मुनाफे पर दबाव रहा।