Bank of Maharashtra Offer For Sale: PSU बैंक ऑफ महाराष्ट्र से सरकार अपनी हिस्सेदारी कम करने की योजना बना रही है। केंद्र सरकार ने इस बैंक में अपनी 6% तक की हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है, जिसे ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचा जा रहा है। मंगलवार को इस खबर के चलते बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शेयर का भाव लगभग फ्लैट रहा, लेकिन यह OFS निवेशकों के लिए एक खास अवसर लेकर आया है। खासकर तब, जब सरकार इन शेयरों को मार्केट प्राइस से कम दाम पर दे रही है।
2,600 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की उम्मीद
दरअसल, सरकार इस हिस्सेदारी बिक्री से 2,600 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाने की उम्मीद कर रही है। यह सरकार के लिए वित्तीय लक्ष्य हासिल करने का रास्ता है। निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव अरुणिश चावला ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कहा, सरकार बैंक में 5% इक्विटी बेच रही है और अतिरिक्त 1% हिस्सा ग्रीन शू विकल्प के तौर पर रखा गया है। यानी कुल 6% तक हिस्सेदारी की बिक्री हो सकती है।
रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए खुलेगा OFS
बता दें कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र का यह ऑफर फॉर सेल (OFS) मंगलवार, 2 दिसंबर को नॉन-रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए ओपन हो गया है। वहीं, रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए यह बुधवार, 3 दिसंबर को खुलेगा। यह बिक्री दो दिन तक चलेगी।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र OFS फ्लोर प्राइस
सरकार ने ऑफर फॉर सेल (OFS) के लिए 54 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस सेट किया है। सोमवार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को बैंक ऑफ महाराष्ट्र के शेयर 57.66 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। यानी OFS में निवेशकों को 6.34 प्रतिशत के डिस्काउंट पर शेयर दिए जा रहे हैं। इस इश्यू के तहत कुल 38,45,77,748 शेयर बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा, 7,69,15,549 शेयर ग्रीन-शू ऑप्शन
के तहत रखे गए हैं। इस तरह सरकार कुल 46.17 करोड़ से ज्यादा शेयर बेच सकती है।
इस वजह से सरकार कम कर रही हिस्सेदारी
गौरतलब है कि सरकार न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता के नियम का पालन करने के लिए अपनी हिस्सेदारी कम कर रही है। मौजूदा समय में BOM में सरकार की 79.60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं, मार्केट रेगुलेटरी SEBI के नियमों के मुताबिक, सभी लिस्टेड कंपनियों को कम से कम 25 प्रतिशत सार्वजनिक हिस्सेदारी रखनी जरूरी है।