Groww IPO Listing Price: शेयर बाजार में आज ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ग्रो (Groww) की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैरेज वेंचर्स का आईपीओ लिस्ट हो गया है। इसके शेयरों ने शानदार लिस्टिंग दी है। ग्रो आईपीओ के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 12 प्रीमियम के साथ 112 रुपये के लेवल पर लिस्ट हुए, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 114 रुपये के लेवल पर लिस्टिंग हुई है। वहीं, ग्रो आईपीओ का इश्यू प्राइस 100 रुपये था।
17 गुना मिला सब्सक्रिप्शन
इस सार्वजनिक पेशकश के माध्यम से कंपनी ने 6632 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा था। यह सब्सक्रिप्शन के लिए 4 नवंबर को खुला, जबकि 7 नवबंर तक बोली लगाई गई। तीन दिन के दौरान इस आईपीओ को निवेशकों का भरपूर समर्थन मिला और ओवरऑल 17 गुना सब्सक्राइब किया गया था।
सबसे अधिक क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने बुक किया। इस कैटेगरी में कुल 22.02 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ था, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) सेगमेंट में 14.20 गुना बोलियां हासिल हुईं। इसके अलावा, रिटेल इन्वेस्टर्स की कैटेगरी में 9.43 गुना बुक हुआ।
बेचें या होल्ड करें शेयर?
मेहता इक्विटीज के सीनियर वीपी और रिसर्च एनालिस्ट प्रशांत तापसे ने कहा, 'Groww IPO की प्राइसिंग 95-100 रुपये प्रति शेयर के बीच बिल्कुल ठीक थी। ये वैल्यूएशन दूसरे भारतीय ब्रोकरेज हाउसेज के मुकाबले अधिक आक्रामक नहीं है। इसी वजह से निवेशकों में ज़बरदस्त डिमांड देखने को मिली। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने 22 गुना सब्सक्रिप्शन किया, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने 9 गुना, और रिटेल पार्टिसिपेशन भी हाल के दूसरे IPO की तुलना में काफी अच्छा रहा।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रो लंबे समय के लिए मज़बूत स्ट्रक्चरल स्टोरी है और भारत के बढ़ते कैपिटल मार्केट पार्टिसिपेशन का प्रॉक्सी बन सकता है। इसलिए इसे मीडियम से लॉन्ग-टर्म इनवेस्टमेंट के तौर पर देखना चाहिए। उन्होंने लॉन्ग टर्म के लिए होल्ड करने की सलाह दी। कंपनी की स्ट्रक्चरल स्ट्रेंथ और ग्रोथ पोटेंशियल को देखते हुए शॉर्ट-टर्म मार्केट रिस्क है। वहीं, मीडियम टर्म के लिए 125-130 रुपये का टारगेट रखने की सलाह दी।'