HAL Q1 Results 2026: सरकार के स्वामित्व वाली डिफेंस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बुधवार को जून तिमाही 2026 का फाइनेंशियल रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दिखाया है। रिपोर्ट की गई अवधि के लिए कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15% बढ़कर 1,590 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में HAL को 1,384 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। नतीजे सामने आने के बाद बुधवार दोपहर कंपनी के शेयर में भी तेजी देखने को मिली। NSE पर यह करीब 3% चढ़कर 5,049 रुपये के आसपास पहुंच गया।
HAL का रेवेन्यू 14% बढ़ा, लेकिन खर्च में भी हुई बढ़ोतरी
इसके साथ ही अप्रैल से जून के बीच HAL का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 14% से ज्यादा बढ़कर 5,515 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की इसी अवधि में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 4,819 करोड़ रुपये था। कंपनी की कुल आय भी 15% से अधिक बढ़कर 6,415 करोड़ रुपये रही। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा इससे कम था। दूसरी तरफ, कुल खर्च भी बढ़ा है। जून तिमाही में HAL का कुल खर्च 15% से अधिक बढ़कर 4,263 करोड़ रुपये हो गया।
तिमाही-दर-तिमाही नतीजों में बड़ी गिरावट
सालाना आधार पर आंकड़े मजबूत दिख रहे हैं, लेकिन तिमाही-दर-तिमाही तुलना करने पर HAL के नतीजों में बड़ी गिरावट दिखाई देती है। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी ने 4,196 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। इसके मुकाबले जून तिमाही का मुनाफा 62% से ज्यादा कम है। ऑपरेशनल रेवेन्यू में भी इसी तरह की गिरावट आई। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 13,942 करोड़ रुपये था, जो जून तिमाही में घटकर 5,515 करोड़ रुपये रह गया।
HAL डिविडेंड का पहले ही ऐलान
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अंतिम डिविडेंड 10 रुपये प्रति शेयर घोषित कर दिया है। यह कंपनी के 5 रुपये फेस वैल्यू का 200 प्रतिशत है। कंपनी ने इसके लिए 14 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इससे पहले मार्च 2026 में कंपनी ने 35 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दिया था। इस तरह पूरे साल में शेयरधारकों को कुल 45 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड मिलेगा।
5 साल में 800% से ज्यादा का रिटर्न
तिमाही नतीजों के बाद HAL के शेयर में बुधवार को लगभग 3% की तेजी आई और 4,803.40 रुपये के भाव पर पहुंच गए। पिछले एक सप्ताह में शेयर 8% से ज्यादा और एक महीने में करीब 12% ऊपर है। साल 2026 में अब तक स्टॉक लगभग 14% चढ़ चुका है। लॉन्ग टर्म की बात करें, तो पिछले 3 साल में निवेशकों को 165% का रिटर्न मिला है, जबकि 5 साल में 811% का मुनाफा हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 3.36 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।