Hindustan Aeronautics Limited Share Price: सरकार के स्वामित्व वाली डिफेंस सेक्टर की कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के शेयरों में उछाल दर्ज किया गया है। आज दिन के कारोबार के दौरान इसके शेयर 2 प्रतिशत तक चढ़ गए थे, लेकिन क्लोजिंग 1 प्रतिशत की तेजी के साथ हुई है। गुरुवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 52.10 रुपये या 1.10% की बढ़ोतरी के साथ 4,776 के लेवल पर बंद हुए। HAL के शेयरों में यह तेजी सरकार की ओर से एक बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद आई है।
सरकार से मिला बड़ा ऑर्डर
दरअसल, रक्षा मंत्रालय की ओर से HAL को भारतीय वायुसेना के लिए 97 तेजस लड़ाकू विमान के लिए 62,370 करोड़ रुपये ऑर्डर मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) से इस बड़ी खरीद को हरी झंडी दिए जाने के लगभग एक महीने बाद एग्रीमेंट पर साइन हुए हैं। HAL के साथ सरकार का यह दूसरा एग्रीमेंट है।
2021 में भी 82 तेजस के लिए मिला था ऑर्डर
इससे पहले, फरवरी 2021 में डिफेंस मिनिस्ट्री ने इंडियन एयरफोर्स के लिए 83 तेजस एमके-1ए जेट एयरक्राफ्ट खरीदने के लिए 48,000 करोड़ रुपये की डील की थी। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय वायुसेना के लिए 62,370 करोड़ रुपये (टैक्स को छोड़कर) की लागत से 97 तेजस हल्के लड़ाकू विमान ‘एमके-1ए’ और संबंधित उपकरणों के लिए HAL के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
विमानों की कब तक होगी सप्लाई?
‘स्वयं रक्षा कवच’ से लैस इन मॉडर्न जेट में 64 प्रतिशत से ज्यादा स्वदेशी सामग्री और 67 नए स्वदेशी उपकरण होंगे। मंत्रालय ने बताया कि इन विमानों की सप्लाई 2027-28 में शुरू होगी। सिंगल इंजन वाला एमके-1ए, भारतीय वायुसेना के मिग-21 लड़ाकू विमानों की जगह लेगा।इंडियन एयरफोर्स ने लड़ाकू स्क्वाड्रन की संख्या आधिकारिक तौर पर स्वीकृत 42 से घटकर 31 होने के बाद यह ऑर्डर दिया है। तेजस एक मल्टी टास्क फाइटर जेट है, जो हाई रिस्क वाले हवाई वातावरण में परिचालन करने में सक्षम है।