HDFC Bank News: देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक HDFC Bank लगातार सुर्खियों में बना हुआ। बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले सप्ताह अतानु ने वैल्यू एंड एथिक्स का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब इस मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। बैंक ने इस पूरे मामले की गहराई से जांच करने के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कानूनी फर्मों को नियुक्त करने का फैसला किया है। बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि कानूनी समीक्षा केवल इसलिए की जा रही है ताकि इस्तीफे का निष्पक्ष और स्वतंत्र मूल्यांकन हो सके।
5 सालों में मिली 700 से अधिक शिकायतें
इस इस्तीफे के बीच एक और महत्वपूर्ण पहलू बैंक को मिलने वाली व्हिसलब्लोअर शिकायतें हैं। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2020 से 2025 के बीच बैंक को कुल 747 शिकायतें मिलीं। अकेले फाइनेंशियल ईयर 2024 में 156 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 55 मामलों में कार्रवाई हुई। वहीं, मौजूदा वित्त वर्ष (2025) में अब तक 97 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 41 पर एक्शन लिया गया है। इन शिकायतों में मुख्य रूप से धोखाधड़ी, जालसाजी और अनुचित व्यावसायिक प्रथाओं जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
केके मिस्त्री संभाल रहे कमान
बता दें कि अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद बैंक के तीन सीनियर अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बताया जा रहा है कि यह क्रेडिट सुइस के एडिशनल टियर-1 (AT-1) बॉन्ड्स की कथित मिस-सेलिंग की आंतरिक जांच का हिस्सा है। अतनु चक्रवर्ती का कार्यकाल कई मायनों में ऐतिहासिक रहा था। उन्होंने HDFC लिमिटेड के साथ बैंक के 40 अरब डॉलर के विलय की देखरेख की थी, जिसने इसे भारत का सबसे बड़ा फाइनेंशियल ग्रुप बना दिया। फिलहाल, RBI ने केकी मिस्त्री को तीन महीने के लिए अंतरिम गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया है, जिससे प्रबंधन में स्थिरता लाने की कोशिश की जा रही है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।