HDFC Bank News: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC Bank से एक बड़ी खबर सामने आई है। बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन और स्वतंत्र निदेशक अतानु चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अतानु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे की वजह बैंक के कामकाज के तरीकों और अपने व्यक्तिगत मूल्यों के बीच टकराव को बताया है। उनके जाने के ठीक बाद, बैंक ने अनुभवी बैंकिंग दिग्गज केकी मिस्त्री को अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया है। इसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी भी मिल गई है। इस खबर के सामने आने के बाद आज शेयर बाजार में HDFC Bank के शेयरों में बड़ी हलचल की उम्मीद जताई जा रही है।
चेयरमैन ने एथिक्स पर उठाए सवाल
अतानु चक्रवर्ती गुजरात कैडर के पूर्व IAS अधिकारी रहे हैं। वे वित्त मंत्रालय में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके इस्तीफे ने बैंक की कॉर्पोरेट गवर्नेंस पर सवाल खड़ा कर दिया है और निवेशकों की टेंशन बढ़ा दी है। अतानु चक्रवर्ती ने अपने पत्र में लिखा कि पिछले दो सालों के दौरान उन्होंने बैंक के अंदर कुछ ऐसी घटनाओं और प्रैक्टिसेस को देखा, जो उनके सिद्धांतों और नैतिकता के साथ मेल नहीं खाती थीं। हालांकि, उन्होंने बैंक के स्वतंत्र निदेशकों और मिडिल-लेवल के कर्मचारियों की ऊर्जा की सराहना भी की है, लेकिन टॉप मैनेजमेंट के साथ उनके मतभेद अब सार्वजनिक हो चुके हैं।
मैनेजमेंट में बड़ी उठापठक
बता दें कि इस पूरे विवाद के बीच बैंक के अंदर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भावेश जवेरी का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। उन्होंने दोबारा नियुक्ति की इच्छा नहीं जताई है। CNBC ने सूत्रों के मुताबिक बताया, जवेरी की भूमिका को लेकर RBI ने पहले ही अपनी असुविधा व्यक्त की थी। इसका कारण जवेरी का ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस के प्रमोटर ग्रुप से जुड़ा होना बताया जा रहा है। ऑरियनप्रो सॉल्यूशंस बैंक को तकनीकी सेवाएं देने वाला एक वेंडर है।
HDFC Bank के ADR में 7% की गिरावट
इस खबर के सामने आने के बाद निवेशकों के बीच हड़कंप मच गया। अमेरिका में लिस्टेड HDFC Bank के ADRs रातों-रात 7% से ज्यादा टूट गए। वहीं, बुधवार को घरेलू बाजार में इसके शेयर 842 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं, इसका 52 सप्ताह का निचला स्तर 812 रुपये है। ऐसे में गुरुवार को बाजार खुलते ही एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।