HDFC Q3 Results: दिसंबर तिमाही में HDFC बैंक का मुनाफा 11.5% बढ़ा, बैलेंस शीट भी मजबूत

HDFC Q3 Results: HDFC बैंक ने दिसंबर तिमाही में मुनाफे और आय में सालाना आधार पर अच्छी बढ़त दर्ज की है। बैलेंस शीट मजबूत हुई है और एसेट क्वालिटी में भी सुधार दिखा है। कुल मिलाकर नतीजे बैंक की स्थिर ग्रोथ और मजबूत बुनियाद को दर्शाते हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड17 Jan 2026, 04:51 PM IST
HDFC बैंक ने तीसरी तिमाही में दिखाई दमदार कमाई
HDFC बैंक ने तीसरी तिमाही में दिखाई दमदार कमाई(Bloomberg)

HDFC Q3 Results: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंकों में शुमार HDFC Bank ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे पेश कर दिए हैं। दिसंबर तिमाही के आंकड़े बताते हैं कि बैंक ने मुनाफे, आय और बैलेंस शीट- तीनों मोर्चों पर स्थिर प्रदर्शन बनाए रखा है।

कितना बढ़ा मुनाफा?

Q3FY26 में HDFC बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 18,653.75 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह मुनाफा 16,735.50 करोड़ था। यह बढ़त दिखाती है कि चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद बैंक की कोर कमाई मजबूत बनी हुई है।

ब्याज से कमाई का सहारा

बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम यानी NII में भी सालाना आधार पर 6.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह बढ़कर 32,615 करोड़ हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 30,653 करोड़ थी। इससे साफ है कि लोन और डिपॉजिट के बीच संतुलन बैंक के पक्ष में रहा।

मार्जिन में स्थिरता

HDFC बैंक ने बताया कि उसका कोर नेट इंटरेस्ट मार्जिन कुल एसेट्स के आधार पर 3.35 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरेस्ट कमाने वाले एसेट्स पर यह 3.51 प्रतिशत पर बना रहा। मौजूदा प्रतिस्पर्धा और फंडिंग कॉस्ट के माहौल में यह स्तर बैंक के लिए संतोषजनक माना जा रहा है।

प्रोविजन और कंटिन्जेंसी से पहले बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 8.4 प्रतिशत बढ़कर 27,097.80 करोड़ हो गया। वहीं, इस तिमाही में प्रोविजंस घटकर 2,837.9 करोड़ रह गए, जो पिछले साल की तुलना में करीब 10 प्रतिशत कम हैं।

NPA फ्रंट पर मिली-जुली तस्वीर

ग्रॉस एनपीए सालाना आधार पर 2.3 प्रतिशत घटकर 35,178.98 करोड़ रह गए, जो पिछले साल 36,018.58 करोड़ थे। हालांकि, नेट एनपीए में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। इसके बावजूद, ग्रॉस एनपीए रेश्यो 1.24 प्रतिशत और नेट एनपीए रेश्यो 0.42 प्रतिशत पर आ गया, जो पहले के मुकाबले बेहतर स्थिति दिखाता है।

बैंक बैलेंस शीट

31 दिसंबर 2025 तक बैंक का कुल बैलेंस शीट साइज बढ़कर 40,890 बिलियन हो गया, जो एक साल पहले 37,590 बिलियन था। औसत डिपॉजिट में 12.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि CASA डिपॉजिट भी करीब 10 प्रतिशत बढ़े।

रिटेल से SME तक ग्रोथ

बैंक की ग्रॉस एडवांस दिसंबर 2025 के अंत तक 28,446 बिलियन पर पहुंच गईं। रिटेल लोन में 6.9 प्रतिशत, छोटे और मिड-मार्केट एंटरप्राइज लोन में 17.2 प्रतिशत और कॉरपोरेट व अन्य होलसेल लोन में 10.3 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई। ओवरसीज एडवांस कुल लोन बुक का छोटा हिस्सा बने रहे।

कंसॉलिडेटेड आधार पर बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 12.2 प्रतिशत बढ़कर 19,806.63 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 17,656.61 करोड़ था।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मार्केटHDFC Q3 Results: दिसंबर तिमाही में HDFC बैंक का मुनाफा 11.5% बढ़ा, बैलेंस शीट भी मजबूत
More
बिजनेस न्यूज़मार्केटHDFC Q3 Results: दिसंबर तिमाही में HDFC बैंक का मुनाफा 11.5% बढ़ा, बैलेंस शीट भी मजबूत