HDFC Bank Share Price: देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक HDFC Bank इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। इसके पीछे की वजह बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती का इस्तीफा है। बुधवार को अतानु चक्रवर्ती ने एक पत्र लिख एथिक्स पर सवाल उठाते हुए अपना पद छोड़ दिया था, जिसके बाद गुरुवार को शेयर बाजार में हड़कंप मच गया। बीते कल HDFC Bank के शेयर लगभग 9% की गिरावट के साथ 770 रुपये के 52 सप्ताह के निचले स्तर पर आ गए थे। वहीं, शुक्रवार, 20 मार्च को भी इसमें 2% की सेंध लगी है।
52 वीक लो के करीब ट्रेड कर रहा शेयर
शुक्रवार को कारोबार के दौरान HDFC Bank के शेयर 778.65 के निचले स्तर तक जा गिरे। यह स्तर बैंक के पिछले सत्र के 52-हफ्तों के सबसे निचले स्तर 770 रुपये के बेहद करीब है। आंकड़ों के मुताबिक, मार्च महीने में अब तक एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 10% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। यह साल 2020 के मार्च के बाद की सबसे बड़ी मंथली गिरावट मानी जा रही है।
क्या शेयर खरीदने का सही मौका है?
HDFC Bank के शेयरों में दो दिनों की इस गिरावट ने निवेशकों की टेंशन बढ़ा दी है। इसी बीच, जेएम फाइनेंशियल की राय आई है। ब्रोकरेज ने फिलहाल इसमें निवेश से बचने की सलाह दी है। उनका कहना है कि मौजूदा समय में फंडामेंटल से ज्यादा सेंटीमेंट और गवर्नेंस की चर्चा बाजार पर हावी है। ऐसे में निवेशकों को वेट एंड वॉच की स्ट्रैटजी अपनानी चाहिए। जेएम फाइनेंशियल ने आगे कहा कि शॉर्ट-टर्म में स्टॉक पर दबाव बना रह सकता है। निवेशक फिलहाल मैनेजमेंट और बोर्ड के बीच के समीकरणों को लेकर और स्पष्टता चाहते हैं। इसके अलावा, अगले कुछ महीनों में बैंक के MD और CEO के कार्यकाल भी रिन्यूअल होना है, जो शेयर प्राइस के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
Macquarie ने बैंक को Buy लिस्ट से हटाया
वहीं, Macquarie ने HDFC Bank को अपनी टॉप Buy लिस्ट से हटा दिया है। ब्रोकरेज ने हालिया घटनाक्रम के बाद यह फैसला लिया। मैक्वेरी के एनालिस्ट सुरेश गणपति ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि आने वाले कुछ समय तक शेयर में कमजोरी बनी रह सकती है। उन्होंने आगे कहा कि बैंक के फंडामेंटल्स अभी भी मजबूत हैं, ROA अच्छा है, लेकिन इस वक्त गवर्नेंस को लेकर जो सवाल उठ रहे हैं, वो शेयर पर भारी पड़ेंगे। निवेशक बोर्ड से और ज्यादा भरोसा चाहेंगे। हालांकि, Macquarie ने आउटपरफॉर्म रेटिंग बरकरार रखी है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।