HDFC Bank Share: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC Bank के शेयरधारकों को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी कोर्ट में बैंक और उसके शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज होने की खबर से आज शेयरों में तेज बिकवाली शुरू हो गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर बैंक का शेयर 2 प्रतिशत से अधिक टूटकर ₹710 के 52 वीक लो तक फिसल गया। अमेरिकी बाजार में बैंक के डिपॉजिटरी रिसीट्स (ADR) में भी रातभर करीब 2% की नरमी दर्ज की गई थी।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में निवेशक ज्वलंत नटवरलाल सोनेजी ने बैंक और उसके दो सीनियर अधिकारियों के खिलाफ क्लास-एक्शन मुकदमा दायर किया है। यह मामला 17 जुलाई 2023 से 26 मई 2026 के बीच बैंक की सिक्योरिटीज खरीदने वाले निवेशकों से जुड़ा है। आरोप है कि बैंक ने महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को अन्य जमाकर्ताओं के मुकाबले अधिक ब्याज देने के लिए किए गए भुगतानों को मार्केटिंग खर्च के तौर पर छिपाया।
बैंक ने जारी किया बयान
मामले पर अपना पक्ष रखते हुए HDFC Bank के प्रवक्ता ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह आधारहीन है। बैंक कोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखेगा। प्रवक्ता के मुताबिक, अमेरिका में जब भी किसी लिस्टेड कंपनी के शेयरों में गिरावट आती है, तो शेयरधारकों की तरफ से इस तरह के कानूनी मामले दर्ज कराना बेहद आम प्रक्रिया है। कई अमेरिकी कंपनियां नियमित रूप से ऐसे मामलों का सामना करती हैं।
निफ्टी 50 के टॉप लूजर्स में एचडीएफसी बैंक
गुरुवार को आई गिरावट के बाद एचडीएफ बैंक के शेयर निफ्टी 50 के टॉप लूजर्स में शामिल रहा। इस दौरान इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर ₹10.95 लाख करोड़ रह गया है। साल 2026 में अब तक यह स्टॉक करीब 28% टूट चुका है। हालांकि, बैंक के वित्तीय आंकड़े मजबूत बने हुए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5% बढ़कर ₹19,060 करोड़ दर्ज हुआ। इस दौरान बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) भी 7% सुधरकर ₹33,534 करोड़ रही, जबकि ग्रॉस NPA 1.4% से घटकर 1.17% पर आ गया।