
Hindustan Copper Share Price at Hit 52 Week High: शेयर बाजार में सोमवार, 5 जनवरी को माइनिंग सेक्टर की सरकारी कंपनी हिंदुस्तान कॉपर (Hindustan Copper) के शेयरों में एक बार फिर शानदार उछाल देखने को मिला। नए साल के पहले सप्ताह में इस स्टॉक ने 5 प्रतिशत से ज्यादा की छलांग लगाई और 570 रुपये के स्तर पर पहुंच गया, जो इसका 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों का यह 16 सालों में सबसे उच्चतम स्तर है। हलांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयरों की क्लोजिंग 2 प्रतिशत के उछाल के साथ 552.80 के लेवल पर हुई।
दरअसल, इंटरनेशनल मार्केट में कॉपर की कीमतों में एक फिर रिकॉर्ड हाई की ओर बढ़ रही हैं। लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) पर बेंचमार्क थ्री-मंथ कॉपर कॉन्ट्रैक्ट लगभग 2.86% चढ़कर 12,826.5 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया है। वहीं, इंट्राडे में यह तेजी 3.28% तक चली गई थी, जो पिछले साल के 12,960 डॉलर के रिकॉर्ड हाई के बेहद करीब है।
इस उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण अमेरिका की तरफ से इंपोर्टेड मेटल्स पर टैरिफ लगाने की आशंका है। व्यापारी इस डर से भारी मात्रा में तांबे की सप्लाई अमेरिका की ओर मोड़ रहे हैं, जिससे कि आने वाले समय में कड़े नियम लागू हो सकते हैं। इसका सीधा असर लंदन और शंघाई जैसे प्रमुख ट्रेडिंग हब पर पड़ा है, जहां तांबे की उपलब्धता कम होती जा रही है।
बता दें कि सप्लाई चैन में आई इस रुकावट का एक बड़ा कारण चिली से भी जुड़ा हुआ है। दुनिया के प्रमुख तांबा उत्पादक देश चिली में कैपस्टोन कॉपर की मैन्टोवर्डे खदान में काम ठप पड़ा है। नए लेबर एग्रीमेंट को लेकर बातचीत विफल होने के बाद सैकड़ों खनिक हड़ताल पर चले गए हैं। इसके अलावा, वेनेजुएला में मचे राजनीतिक घमासान और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पैदा हुए हालातों पर भी ट्रेडर्स की नजर बनी हुई है। हालांकि तांबा बाजार में वेनेजुएला की हिस्सेदारी बहुत ज्यादा नहीं है।
गौरतलब है कि हिंदुस्तान कॉपर के निवेशकों के लिए यह तेजी किसी लॉटरी से कम नहीं है। सितंबर में इसके शेयर 226.70 रुपये 52 सप्ताह के निचले स्तर पर कामकाज कर रहे थे। वहीं, अब इसकी कीमत 570 रुपये के 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। यानी कुछ महीनों में ही इस स्टॉक ने 151% का रिटर्न देकर अपने निवेशकों की पूंजी को दोगुने से भी ज्यादा कर दिया है। यह प्रदर्शन निफ्टी मेटल इंडेक्स के अन्य शेयरों के मुकाबले कहीं ज्यादा है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में इस शेयर ने 109% की ग्रोथ दर्ज की थी, जबकि पिछले तीन सालों में यह 385% और पांच सालों में लगभग 800% चढ़ चुका है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.