
Stock to Watch on Holi 2026: शेयर बाजार का पिछला यानी सोमवार का कारोबारी सत्र काफी बुरा रहा। इस दौरान निवेशकों को कई लाख करोड़ रुपये के नुकसान हुआ है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव ने ग्लोबल सेंटीमेंट पूरी तरह बिगाड़ दिया, जिससे निफ्टी 50 इंडेक्स और सेंसेक्स बुरी तरह लुढ़क गए। सोमवार, 2 मार्च को सेंसेक्स 1,048.34 अंक या 1.28% की भारी गिरावट के साथ 80,238.85 के लेवल पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 312.96 अंक या 1.24% लुढ़ककर 24,865.70 के लेवल पर बंद हुआ। शेयर बाजार में छोटे और मझोले शेयरों पर भी भारी दबाव देखा गया। सोमवार को निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.5% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक भू-राजनीतिक तनाव कम नहीं होता, तब तक अनिश्चितता का यह माहौल बना रह सकता है।
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, शेयर बाजार सोमवार को निगेटिव मूड में बंद हुए। सुबह बाजार की शुरुआत ही तेज गिरावट के साथ हुई। मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य संघर्ष की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त उछाल आ गया। दिन चढ़ने के साथ-साथ कुछ निवेशकों ने कम भाव पर चुनिंदा अच्छे शेयरों में खरीदारी शुरू की, जिससे प्रमुख सूचकांक अपने इंट्राडे के निचले स्तर से कुछ संभल गए और दिन के नुकसान को थोड़ा कम कर लिया। फिर भी बंद होने तक माहौल सतर्कता भरा रहा। निवेशकों की नजर अभी भी तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई है।
बुधवार, 4 मार्च को जब शेयर बाजार खुलेगा, तो निवेशकों की नजर कुछ खास कंपनियों पर टिकी होगी। खासतौर पर टाटा मोटर्स (CV) और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि इंडोनेशिया ने इन दोनों कंपनियों के कमर्शियल वाहनों के एक्सपोर्ट ऑर्डर सस्पेंड कर दिए हैं। हालांकि, दोनों कंपनियों ने इस मामले में स्पष्टीकरण जारी कर स्थिति साफ करने की कोशिश की है, लेकिन निवेशकों की सतर्कता इन शेयरों पर दबाव बना सकती है।
वहीं दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ओएनजीसी (ONGC) और ऑयल इंडिया जैसे शेयरों पर फोकस रहेगा। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में सप्लाई ठप होने की आशंका और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों का सीधा असर इन कंपनियों के मुनाफे और स्टॉक प्रदर्शन पर पड़ना तय है।
यूरोप में नेचुरल गैस फ्यूचर्स में भारी उछाल के बाद आईजीएल (IGL), पेट्रोनेट एलएनजी, एमजीएल और गुजरात गैस जैसी कंपनियों के शेयरों में उतार-चढ़ाव की संभावना है। कतर के एक प्रमुख एलएनजी सप्लायर द्वारा परिचालन रोकने से सप्लाई चेन पर असर पड़ा है, जिसका रिफ्लेक्शन बुधवार को भारतीय ट्रेडिंग सेशन में दिख सकता है।
इन सबके बीच कुछ पॉजिटिव खबरें भी आई हैं। अडानी पोर्ट्स ने फरवरी के महीने में अपने कार्गो हैंडलिंग में 16% की शानदार सालाना वृद्धि दर्ज की है, जो कंपनी के मजबूत परिचालन को दिखाता है। साथ ही, सिप्ला ने केमवेल बायोफार्मा के साथ एक नया संयुक्त उद्यम (JV) बनाने का समझौता किया है। मंगलौर रिफाइनरी (MRPL) के निवेशकों के लिए भी राहत की खबर है। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 4 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दे दी है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.