मुंबई: बैंकिंग सेक्टर का दिग्गज ICICI Bank ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के नतीजे अनुमान से बेहतर पेश करके निवेशकों को खुश कर दिया है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आईसीआईसीआई बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15.95 प्रतिशत बढ़कर 14,804.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, एक्सपर्ट्स को उम्मीद थी कि बैंक का मुनाफा लगभग 7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 13,616 करोड़ रुपये के आसपास रहेगा। इसी तरह, बैंक की ब्याज से होने वाली कमाई (NII) भी 12.7 प्रतिशत बढ़कर 24,384.35 करोड़ रुपये रही।
ग्रॉस NPA में गिरावट और मार्जिन में सुधार
आईसीआईसीआई बैंक ने NPA मोर्चे पर भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। जून 2026 के आखिर तक बैंक का ग्रॉस एनपीए घटकर 1.38 प्रतिशत पर आ गया, जबकि मार्च में 1.40 प्रतिशत और एक साल पहले 1.67 प्रतिशत था। हालांकि, नेट एनपीए मामूली रूप से बढ़कर 0.35 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पिछली तिमाही में 0.33 प्रतिशत था। लेकिन, पिछले साल के 0.41 प्रतिशत के मुकाबले अब भी काफी बेहतर स्थिति में है। इसके साथ ही बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) सुधरकर 4.36 प्रतिशत हो गया है।
लोन और डिपॉजिट्स में भारी बढ़ोतरी
बैंक का कुल लोन पोर्टफोलियो 19.6 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़कर 16,31,260 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कुल डिपॉजिट्स में 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 18,33,586 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। एवरेज करेंट अकाउंट सेविंग अकाउंट CASA) रेश्यो 38.1 प्रतिशत रहा।
ब्रोकरेज की राय और टारगेट प्राइस
दिग्गज ब्रोकरेज हाउस एक्सिस सिक्योरिटीज ने बैंक के प्रदर्शन पर भरोसा जताते हुए इसके शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक की लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता, कंट्रोल्ड मार्जिन और मजबूत ऑपरेशन क्षमता इसे अन्य प्रतिस्पर्धी बैंकों से अलग बनाती है। एक्सिस सिक्योरिटीज ने आईसीआईसीआई बैंक का टार्गेट प्राइस 1,700 रुपये से बढ़ाकर 1,800 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। इसके अलावा, ब्रोकरेज ने बैंकिंग सेक्टर में HDFC Bank का टार्गेट 975 रुपये और कोटक महिंद्रा बैंक का टार्गेट 500 को भी ऑप्शनल बायिंग के रूप में सुझाया है।