ICICI Prudential AMC IPO Opens For Subscription: देश के सबसे बड़े फंड मैनेजर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (ICICI Prudential AMC) का सार्वजनिक पेशकश आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है, जबकि 16 दिसंबर तक निवेशक बोली लगा सकते हैं। यह साल 2025 का चौथा सबसे बड़ा आईपीओ है। इसके माध्यम से 10,603 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई गई है। हालांकि, यह इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। इसमें यूके स्थित ज्वाइंट वेंचर प्रूडेंशियल कॉर्पोरेशन होल्डिंग्स अपनी हिस्सेदारी कम कर रही है।
ऑफर फॉर सेल (OFS) है इश्यू
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 2061-2165 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस आधार पर 1.07 लाख करोड़ रुपये वैल्यूएशन की उम्मीद जताई जा रही है। सार्वजनिक पेशकश की लिस्टिंग के बाद प्रूडेंशियल कॉर्पोरेशन की हिस्सेदारी 44.5 प्रतिशत से कम होकर 34.5 प्रतिशत हो जाएगी।
ICICI Prudential AMC IPO GMP
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 150 रुपये पर कामकाज कर रहा है, जबकि इसका अपर प्राइस 2165 रुपये है। इस आधार पर 2315 रुपये पर लिस्टिंग होने की उम्मीद है। यानी निवेशकों को 7 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल सकता है।
एंकर राउंट में मिले 3,021.8 करोड़ रुपये
आईपीओ खुलने से पहले गुरुवार को कंपनी ने 149 एंकर इन्वेस्टर्स से 3,021.8 करोड़ रुपये जुटाए। इस दौरान 1.39 करोड़ शेयर अलॉट किए गए। डोमैस्टिक म्यूचुअल फंडों ने 46.62 लाख शेयर खरीदे, जो एंकर बुक का लगभग एक तिहाई हिस्सा है। इनमें HDFC AMC, SBI MF, व्हाइटओक, कोटक, एक्सिस MF, डीएसपी, क्वांट एमएफ और अन्य की भागीदारी रही। कैपिटल ग्रुप, एमएएस (सिंगापुर), टेमासेक, फिडेलिटी, जेपी मॉर्गन, ब्लैक रॉक, गोल्डमैन सैक्स और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसी ग्लोबल कंपनियों के साथ-साथ एलआईसी, एसबीआई लाइफ, टाटा एआईए और एचडीएफसी लाइफ जैसी कई भारतीय बीमा कंपनियों ने भी निवेश किया।