ICICI Prudential AMC IPO Day 3: देश की सबसे बड़ी फंड मैनेजर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (ICICI Prudential AMC) के आईपीओ पर दांव लगाने का आज आखिरी मौका है। यह आईपीओ 12 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, जिसको निवेशकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। कंपनी ने आईपीओ के प्राइस बैंड 2,061 से 2,165 रुपये प्रति शेयर के बीच तय की है। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) इश्यू है। इसका मतलब इश्यू से आया हुआ पैसा कंपनी की बजाय शेयरधारकों और प्रमोटरों के पास जाएगा।
ICICI Prudential AMC IPO GMP
ICICI Prudential AMC IPO अपने ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) को लेकर चर्चा में बना हुआ है। मंगलवार आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी का GMP 294 रुपये पर था। अगर लिस्टिंग की बात करें, तो अपर प्राइस बैंड 2165 रुपये में 294 रुपये जोड़ने के बाद 2459 रुपये पर लिस्ट होने की संभावना है। इससे पहले, सोमवार को इसका जीएमपी 280 रुपये था, जबकि आज इसमें 14 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम में लगातार बदलाव होता रहता है।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी सब्सक्रिप्शन स्टेटस
ICICI Prudential AMC IPO में निवेशक जमकर पैसा लगा रहे हैं। दूसरे दिन की बोली में इसे 2.11 गुना सब्सक्राइब हो चुका था। रिटेल निवेशकों का हिस्सा 0.83 गुना सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के हिस्से में 3.79 गुना की बोली लगी है। इसके अलावा, योग्य संस्थागत खरीदार (QIB) का हिस्सा भी 2.91 गुना भरा जा चुका है। आईपीओ का अलॉटमेंट बुधवार, 17 दिंसबर को फाइनल होने की उम्मीद है। वहीं, 19 दिंसबर को NSE और BSE पर शेयर डेब्यू करेंगे।
पैसा लगाएं या नहीं?
चॉइस ब्रोकिंग ने इस आईपीओ को लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (IPAMCL) भारत की दूसरी सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी है। सितंबर 2025 तक इसके पास टोटल एवरेज एसेट (QAAUM) का 13.2% हिस्सा था। देश की सबसे पुरानी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक ये कंपनी सालों से अपने राजस्व और मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी दिखा रही है।
सितंबर 2025 तक कंपनी का एसेट काफी विविधता वाला है। इसके टॉप पांच इक्विटी और इक्विटी आधारित स्कीमों में कुल इक्विटी QAAUM का 53.4% हिस्सा है, जो टॉप-10 कंपनियों के औसत 58.6% से बेहतर है। आईपीओ के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन P/QAAUM के हिसाब से 10.5% और P/E 36.4 गुना (पिछले 12 महीनों के EPS 59.5 रुपये पर) है। ये दूसरी कंपनियों के मुकाबले थोड़ी महंगी लग रही है। लेकिन लिस्टेड म्यूचुअल फंड कंपनियों में इसका RoE सबसे ज्यादा है, जो अच्छी कैपिटल उपयोग और मजबूत ऑपरेटिंग मार्जिन दिखाता है।
कंपनी की इक्विटी एसेट्स डिस्ट्रीब्यूशन में भी अच्छी विविधता है। 37.7% म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स से, 15.8% नेशनल डिस्ट्रीब्यूटर्स से, 27.1% डायरेक्ट चैनल से, 8.3% आईसीआईसीआई बैंक से और 11.1% दूसरे बैंकों से आता है। इससे एक जगह पर निर्भरता का खतरा कम होता है। विविध प्रोडक्ट्स और म्यूचुअल फंड में बढ़ती पहुंच की बदौलत FY25 में ये कंपनी टैक्स से पहले ऑपरेटिंग प्रॉफिट में सबसे आगे रही। पूरे सेक्टर का 20% हिस्सा इसके पास था।