
Stocks Picks: इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) और कईसी इंटरनैशनल लिमिटेड, ये दोनों ऐसी कंपनियां हैं जिनके दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम (Q2FY27 REsults) अनुमानों पर खरे नहीं उतरे हैं। फिर भी अलग-अलग ब्रोकरेज इनके शेयरों पर बुलिश हैं। क्रमशः कैपिटल 360 वन और दोलत कैपिटल ने केवल इन शेयरों पर बाय रेटिंग दी है बल्कि 62% तक का बंपर अपसाइड का भी अनुमान जताया है। आखिर खराब वित्तीय प्रदर्शन वाली कंपनियों के शेयरों पर दिल लुटाने के पीछे ब्रोकरेज ने क्या वजहें बताई हैं, आइए जानते हैं।
ब्रोकरेज फर्म कैपिटल 360 वन ने आईजीएल की कवरेज रिपोर्ट में बताया है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (Q2FY27) में कंपनी ने स्टैंडअलोन एबिटडा में 30 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है जबकि उससे 3.3 अरब रुपये लाभ कमाने की उम्मीद थी। कंपनी ने सीएनजी सेल्स वॉल्युम में 9% की मजबूत वार्षिक वृद्धि हासिल की है।
ब्रोकरेज का कहना है कि आईजीएल का सीएनजी वॉल्युम पिछली पांच तिमाहियों से बढ़ रहा है और आगे भी बढ़ते रहने की उम्मीद है। उसने कहा, 'दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बसों को छोड़कर आईजीएल का सीएनजी वॉल्युम ग्रोथ 10% वार्षिक रहा है और हमें लगता है कि मीडियम टर्म में आईजीएल 6 से 7 प्रतिशत का वॉल्युम ग्रोथ हासिल करती रहेगी।' इसने आगे कहा, 'अगली एक-दो तिमाहियों में भी मार्जिन्स कमजोर रह सकती है। हमें उम्मीद है कि मध्य पूर्व की बाधाएं खत्म होते ही यह सामान्य स्तर पर आ जाएगा।'
ब्रोकरेज ने कहा, 'कुल मिलाकर, हमने इस शेयर पर 200 रुपये का टारगेट प्राइस रखते हुए खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है, जो पहले 201 रुपये था। इसके पीछे वित्त वर्ष 2026 से 2028 के दौरान बिक्री की मात्रा में सालाना 7% वृद्धि और मीडियम टर्म में प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) एबिटडा मार्जिन 6.5 रुपये रहने का अनुमान है।' यह आईजीएल के मंगलवार के बंद भाव 133.28 रुपये के मुकाबले 50% का अपसाइड दिखाता। मौजूदा मार्केट प्राइस पर आईजीएल का शेयर अगले वित्त वर्ष 2028 के अनुमानित प्रति शेयर के 11 गुना भाव पर कारोबार कर रहा है।
सिविल कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी केईसी इंटरनैशनल का भी कॉन्सोलिडेटेड रेवेन्यू पिछले वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही के मुकाबले चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 10% कम होकर 54.7 अरब रुपये रहा है। इस दौरान कंपनी का एबिटडा भी 37% की बड़ी गिरावट के साथ 2.7 अरब रुपये पर आ गिरा जबकि एबिटडा मार्जिन 7.1% से घटकर 5% रह गया। केईसी इंटरनैशनल का जुलाई-सितंबर 2027 तिमाही में शुद्ध लाभ भी 29.70 करोड़ रुपये रह गया जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1.6 अरब रुपये रहा था। इन झटकों के केंद्र में मध्य पूर्व का संकट, तेल की कीमत में वृ्द्धि और श्रमिकों का अभाव जैसे कारण हैं।
केईसी इंटरनैशनल का ऑर्डर बुक 2% की वार्षिक वृद्धि पाकर करीब 400 अरब रुपये तक पहुंच गया है। कंपनी के भारत, यूएई और अफ्रीका में टीएंडडी पाइपलाइन का कारोबार मजबूत है। कंपनी को अफगानिस्तान के पास करीब पांच वर्षों से अटका पैसा भी मिल चुका है। वहीं, एडीबी से उसे 1.5 करोड़ डॉलर मिलने का भी अनुमान है। इन सब कारणों से इस वित्तीय वर्ष के उत्तरार्ध में कंपनी का बैलेंस शीट से दबाव हट जाएगा। ब्रोकरेज फर्म दोलत कैपिटल ने कहा है कि केईसी इंटरनैशनल का एबिटडा मार्जिन चालू वित्त वर्ष में 6.5% जबकि अगले वित्त वर्ष 2028 में बढ़कर 7.2% रहने की उम्मीद है। उसके अगले वर्ष और वृद्धि के साथ इसके 7.4% तक पहुंच जाने का अनुमान है।
चालू वित्त वर्ष 2027 से वित्त वर्ष 2029 तक कंपनी के रेवेन्यू में प्रति वर्ष 11% की चक्रवृद्धि दर से वृद्धि होने की उम्मीद है। इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 25% की दर से बढ़ेगा। ब्रोकरेज ने कहा, 'हमें अक्टूबर-मार्च छमाही में कंपनी की वित्तीय स्थितियों में सुधार की उम्मीद है।' उसने आगे कहा, ‘कंपनी के पास करीब 40 अरब रुपये के ऑर्डर हैं, जो वित्त वर्ष 2027 के अनुमानित रेवेन्यू का 1.6 गुना है। इससे आने वाले समय में इन ऑर्डर को पूरा कर कमाई बढ़ाने की अच्छी संभावना दिखती है।’
ब्रोकरेज ने कहा 'हमने इस शेयर पर 512 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है। यह लक्ष्य सितंबर 2028 की अनुमानित कमाई के 16 गुना वैल्यूएशन के आधार पर तय किया गया है।' केईसी इंटरनैशनल का शेयर मंगलवार को 316.35 रुपये पर बंद हुआ था। इस भाव पर 512 रुपये का टारगेट प्राइस शेयर में 62% की तेजी की उम्मीद जताता है।
Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। इसमें दिए गए विचार और सुझाव एक्सपर्ट के हैं, मिंट हिंदी के नहीं। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।