Indian Oil Q3 Results 2026: सरकार की एक प्रमुख महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOC) ने दिसंबर तिमाही 2025 का फाइनेंशियल रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने बताया कि अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में उसका टैक्स के बाद मुनाफे (PAT) में चार गुना की भारी बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी मजबूत रिफाइनरी मार्जिन और बेहतरीन परिसंचालन प्रदर्शन की वजह से आई है। इंडियन ऑयल ने इस तिमाही 12,126 करोड़ रुपये का PAT दर्ज किया है, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 2874 करोड़ रुपये था। यानी इसमें 322 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
IOC के रेवेन्यू में 7% का उछाल
इस दौरान IOC ने ऑपरेशन से रेवेन्यू में भी सालाना आधार पर 7% की बढ़त हासिल की है। दिसंबर तिमाही के लिए यह 2.31 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल की दिसंबर तिमाही में 2.16 लाख करोड़ रुपये था।
कंपनी ने पिछले साल के कमजोर बेस के बाद इस तिमाही मजबूत प्रदर्शन दिखाया है। पिछले साल कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता, इन्वेंट्री लॉस और ऑपरेटिंग कॉस्ट में बढ़ोतरी से मार्जिन पर दबाव रहा। वहीं,दिसंबर 2025 तिमाही में क्रूड ऑयल की कीमतों में स्थिरता, बेहतर रिफाइनिंग इकोनॉमिक्स और प्रमुख एसेट्स में बेहतर उत्पादन क्षमता से फायदा हुआ है।
पेट्रोलियम सेगमेंट से आया सबसे ज्यादा रेवेन्यू
रिपोर्ट की गई तिमाही के लिए IOC के रेवेन्यू में इसके पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का दबदबा बना रहा। पेट्रोलियम प्रोडक्ट सेगमेंट से रेवेन्यू 2.17 लाख करोड़ रुपये आया है, जो कंपनी की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा है। वहीं, पेट्रोकेमिकल सेगमेंट ने 6,936 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया, जबकि गैस सेगमेंट ने कमाई में 11,691 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
कंपनी के खर्च में भी बढ़ोतरी
अगर दिसंबर 2025 में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOC) के कुल खर्च की बात करें, तो यह 2.16 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की तीसरी तिमाही में यह 2.15 लाख करोड़ रुपये था। यानी कंपनी पर कच्चे तेल और ऑपरशनल कॉस्ट का दबाव बना हुआ है।