Rupee All Time Low: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। मंगलवार, 5 मई को शुरुआती कारोबार में रुपया 20 पैसे टूटकर नए ऑल टाइम लो लेवल पर पहुंच गया। दरअसल, मिडिल ईस्ट में अमेरिकी और ईरानी सेनाओं के बीच नए सिरे से हुए सैन्य संघर्ष के बाद मार्केट सेंटीमेंट बिगड़ने की वजह से घरेलू मुद्रा दबाव में है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि खाड़ी देशों में अस्थिरता के कारण निवेशकों की चिंता से सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर भारी मात्रा में कैपिटल का फ्लो हो रहा है, जिसमें अमेरिकी डॉलर को सबसे ज्यादा फायदा मिल रहा है।
डॉलर के मुकाबले रुपया 95.43 पर पहुंचा
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 113 डॉलर के आसपास बनी हुई है, जिससे भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाएं दबाव में हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.30 प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि, शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर आ गया, जो इसका न्यूनतम स्तर है।
डॉलर इंडेक्स में बढ़ोतरी
इससे पहले, सोमवार को रुपया 39 पैसे लुढ़ककर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ऑल टाइम लो लेवल 95.23 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दिखाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.51 पर रहा।
भारतीय शेयर बाजार में भी दबाव
बता दें कि आज भारतीय शेयर बाजार में भी दबाव देखने को मिल रहा है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 361.62 अंक टूटकर 76,907.78 अंक पर आ गया, जबकि निफ्टी 134.90 अंक फिसलकर 23,980.60 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सोमवार को नेट बायर्स रहे। इन्होंने 2,835.62 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।