
Indian Rupee Recovery: भारतीय रुपया की सेहत में मंगलवार को मामूली सुधार देखने को मिला है। आज यह इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे बढ़कर बंद हुआ। हालांकि, विदेशी करेंसी कारोबारियों के अनुसार, ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी, विदेशी पूंजी की निकासी ने रुपये की तेज बढ़त पर ब्रेक लगा दिया। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 89.67 पर खुला था, जबकि 89.59-89.85 के दायरे में कारोबार करने के बाद डॉलर के मुकाबले 89.65 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त है।
सोमवार को रुपया शुरुआती बढ़त को गंवाकर डॉलर के मुकाबले एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 89.68 पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट, अनुज चौधरी ने कहा कि कमजोर अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के कारण मंगलवार को रुपये में मजबूती आई।
उन्होंने आगे कहा, ‘हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने तेज बढ़त को सीमित कर दिया। हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर में समग्र कमजोरी और घरेलू शेयरों में उछाल के कारण रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा।’ भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते में देरी से उच्चस्तर पर रुपये पर दबाव पड़ने की उम्मीद है।'
उन्होंने कहा, ‘निवेशक मंगलवार को अमेरिका से तीसरी तिमाही के GDP डेटा पर नजर रख सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 89.30-89.90 रुपये के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.95 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 0.18 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 62.18 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर, सेंसेक्स 42.64 अंक गिरकर 85,524.84 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी मामूली रूप से 4.75 अंक बढ़कर 26,177.15 अंक पर बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 457.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.