Share Market Holiday Today 26 June 2026: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार, 26 जून को कोई कामकाज नहीं होगा। दरअसल, मोहर्रम के अवसर पर देश के दोनों प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज-बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE)—पूरी तरह बंद हैं। अब बाजार सीधे सोमवार, 29 जून को खुलेगा। एक्सचेंज की तरफ से जारी कैलेंडर के मुताबिक, आज इक्विटी सेगमेंट के साथ-साथ इक्विटी डेरिवेटिव्स और करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में भी कारोबार ठप रहेगा।
सभी सेगमेंट में कामकाज ठप
इसके अलावा, डेट मार्केट, एनडीएस-आरएसटी (NDS-RST) और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट भी शुक्रवार को पूरी तरह बंद हैं। जून के पूरे महीने में शेयर बाजार के लिए यह एकमात्र छुट्टी है। इससे पहले, बीते महीने 28 मई को बकरीद के मौके पर बाजार बंद था। अब आज के बाद निवेशकों को अगली छुट्टी के लिए लंबा इंतजार करना होगा। शेयर बाजार में अगली छुट्टी 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के अवसर पर मिलेगी।
MCX पर आंशिक रूप से कारोबार प्रभावित
वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज हाफ-डे हॉलिडे घोषित किया गया है। नियम के मुताबिक, कमोडिटी मार्केट का सुबह का सत्र यानी सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक ट्रेडिंग बंद रहेगी। हालांकि, जो लोग शाम के समय एक्टिव रहते हैं, उनके लिए राहत की बात यह है कि शाम 5:00 बजे से रात 11:30 या 11:55 बजे तक ट्रेडिंग जारी रहेगा। चालू वर्ष 2026 के लिए MCX ने कुल 16 छुट्टियों का निर्धारण किया है, जिसमें आज जैसी आंशिक और कुछ पूर्ण छुट्टियां शामिल हैं।
साल 2026 की आगामी छुट्टियां
वर्ष 2026 में शेयर बाजार के लिए कुल 16 छुट्टियां निर्धारित की गई थीं। इनमें से आज के अवकाश को मिलाकर कुल नौ छुट्टियां पूरी हो चुकी हैं। इस साल के बचे हुए महीनों में बाजार अब केवल 7 मौकों पर ही बंद रहेगा। मोहर्रम के बाद आगामी छुट्टियों की बात करें, तो 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती और आखिरी छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के पावन अवसर पर होगी।