
14 महीनों के लंबे अंतराल के बाद भारतीय शेयर बाजार अपने सर्वकालिक उच्च स्तर के करीब पहुंच रहा है। गोल्डमैन सैक्स, मॉर्गन स्टेनली और एचएसबीसी जैसे प्रमुख वैश्विक वित्तीय संस्थानों ने भारतीय इक्विटी पर बुलिश रिपोर्ट जारी किए हैं। उनका मानना है कि खराब प्रदर्शन का दौर खत्म हो गया है और भारतीय बाजार 2026 तक दोहरे अंक में रिटर्न दे सकते हैं, जिसमें सेंसेक्स 1,07,000 के स्तर तक पहुंचने का अनुमान है।
एक समय था जब वैश्विक बाजारों की तुलना में भारतीय बाजार सुस्त पड़ गए थे, लेकिन अब माहौल तेजी से बदल रहा है, निराशा से आशा की ओर, और बिकवाली से खरीदारी की ओर। एचएसबीसी ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि पिछले 12 महीनों में एशिया के मुकाबले 30 प्रतिशत कम प्रदर्शन किया है। एचएसबीसी का मानना है कि भारतीय इक्विटी के लिए सबसे बुरा दौर खत्म हो चुका है। ये भावना 2024 के बाद से बाजार के रुख में पहला निर्णायक बदलाव है। मॉर्गन स्टेनली के इक्विटी रणनीतिकार रिधम देसाई ने भी इसी बात को दोहराया है। देसाई ने कहा कि तीन दशकों में अपने सबसे खराब प्रदर्शन के बाद, हम भारतीय इक्विटी को 2026 में अपनी लय हासिल करते हुए देख रहे हैं।
एचएसबीसी ने पहले ही भारत को ओवरवेट श्रेणी में अपग्रेड कर दिया है। मॉर्गन स्टेनली ने सेंसेक्स के लिए 95,000 का लक्ष्य रखा है और सेंसेक्स के 107,000 तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। वहीं गोल्डमैन सैक्स ने निफ्टी के लिए 29,000 का पूर्वानुमान लगाया है, जो 18 महीनों से भी कम समय में दोहरे अंकों के रिटर्न का संकेत देता है।
ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस के भारतीय शेयर बाजार पर बुलिश होने की सबसे बड़ी वजह है आरबीआई की तेजी से ब्याज दर में कटौती। वहीं सरकार के जीएसटी और आयकर में कटौती जैसे फैसलों ने बाजार में नकदी और विश्वास बढ़ाया है। सार्वजनिक पूंजीगत व्यय बढ़ रहा है, खपत में सुधार हो रहा है और कर्ज देने की रफ्तार बढ़ रही है।
ब्रोकरेज इस बात से सहमत हैं कि आय में गिरावट का चक्र समाप्त हो गया है। लगभग एक साल की निराशा के बाद, Q2 के नतीजे राहत लेकर आए हैं। गोल्डमैन सैक्स ने संकेत दिया कि एमएससीआई इंडिया ईपीएस यानी प्रति शेयर आय संशोधन स्थिर हो गए हैं और चुनिंदा क्षेत्रों में अपग्रेड शुरू हो गए हैं।
करीब एक साल से बिकवाली कर रहे FII यानी विदेशी निवेशक अब वापसी कर रहे हैं। पिछले एक साल में 30 अरब डॉलर की बिकवाली के बाद, भारत अब ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट पोर्टफोलियो में सबसे कम निवेश वाला बन गया बाजार है। उत्तर एशिया में महंगे मूल्यांकन के कारण, वैश्विक फंड अब Diversification और स्थिरता के लिए भारत में वापस आ रहे हैं।
भारत का मूल्यांकन अभी भी प्रीमियम पर है, लेकिन अब ये अत्यधिक नहीं है। निफ्टी का फॉरवर्ड PE यानी प्राइस-टू-अर्निंग का अनुपात 22-23x अपने दीर्घकालिक औसत के भीतर आ गया है। ब्रोकरेज हाउस का तर्क है कि जब तक आय में बढ़ोतरी जारी रहती है, भारत का प्रीमियम एकदम सही स्तर पर है।
भारतीय शेयर बाजार की सबसे बड़ी मजबूत कड़ी घरेलू निवेशक हैं, जो तेज बिकवाली के दौर में भी बाजार की चाल को थामे हुए हैं। घरेलू बचत का प्रवाह बाजार में जारी है जिसकी वजह से भारतीय बाजार आत्मनिर्भरता की नई कहानी गढ़ रहा है। ऊपर से विदेशी निवेशकों का भारत की तरफ रुख शुभ संकेत दे रहा है।
जेफरीज के वैश्विक इक्विटी रणनीतिकार क्रिस वुड ने भारत को रिवर्स एआई ट्रेड करार दिया है, जिसका अर्थ है कि अगर AI रैली कमजोर होती है, तो भारत बेहतर प्रदर्शन करेगा। वैश्विक फंडों के लिए भारत अब वास्तविक अर्थव्यवस्था, आय लाभ और मैक्रो स्थिरता का एक सुरक्षित विकल्प प्रदान करता है।
(डिस्क्लेमर: विशेषज्ञों द्वारा दी गई सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं। ये मिंट के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। अधिक जानकारी के लिए Mint की वेबसाइट देखें।)
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.