देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों भारी परिचालन संकट से जूझ रही है। इसी वजह से इसकी मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में पिछले चार दिनों में 7% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ी है और इसका सीधा असर निवेशकों के भरोसे पर भी पड़ा है। आज बीएसई पर इंडिगो का शेयर 1.22% गिरकर 5,371.30 रुपए पर बंद हुआ, जबकि दिन के कारोबार में यह 3.15% फिसलकर 5,266 रुपए तक पहुंच गया।
मार्केट कैप में 16,000 करोड़ रुपए से अधिक की कमी
शेयरों में लगातार गिरावट के चलते कंपनी के बाजार मूल्यांकन पर भी बड़ा असर दिखाई दिया है। 1 दिसंबर से अब तक इंडिगो का मार्केट कैप करीब 16,190.64 करोड़ रुपए घटकर 2,07,649.14 करोड़ रुपए पर आ गया है। एनएसई पर भी कंपनी का शेयर 1.27% की गिरावट के साथ 5,367.50 रुपए पर बंद हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला अगर लंबा खिंचता है, तो कंपनी की वित्तीय और बाजार स्थिति पर और असर पड़ सकता है।
चौथे दिन भी देशभर में हवाई यात्रा बाधित
आज लगातार चौथे दिन भी देशभर में हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। आज इंडिगो ने दिल्ली से उड़ने वाली सभी उड़ानों समेत 1,000 से अधिक फ्लाइट्स रद्द कर दीं। इस वजह से हजारों यात्री एयरपोर्ट्स पर फंसे रहे और हवाई यात्रा व्यवस्था चरमरा गई। एविएशन सेक्टर के जानकारों का मानना है कि यह संकट कंपनी के भीतर स्टाफ की कमी और परिचालन प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों की ओर इशारा करता है, जो आगे और बड़ा रूप ले सकता है।
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने माफी मांगी
इन सबके बीच इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने आज एक वीडियो मैसेज में उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हुई भारी असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, दुर्भाग्यवश पिछले कुछ दिनों में उठाए गए कदम पर्याप्त साबित नहीं हुए हैं। इसलिए हमने आज अपनी सभी सिस्टम और समय-सारिणियों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है। इसके परिणाम स्वरूप अब तक सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन यह सुधार और कामकाज बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।
एल्बर्स ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि कल रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1,000 से कम रहेगी। विशिष्ट एफडीटीएल (उड़ान ड्यूटी समयसीमा) कार्यान्वयन राहत प्रदान करने में डीजीसीए का सहयोग बहुत मददगार साबित हुआ है। एल्बर्स के मुताबिक 10 से 15 दिसंबर के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।