
IT Stocks Crash Today 20 Feb 2026: शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज के शुरुआती कारोबार में निफ्टी और सेंसेक्स लाल निशान में कामकाज कर रहे थे, लेकिन 10:30 बजे के बाद इनमें जोरदार तेजी दर्ज की गई। इस दौरान सेंसेक्स 400 अंकों या 0.51% के उछाल के साथ ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 140 अंक से अधिक या 0.56% चढ़कर कामकाज कर रहा था। लेकिन आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली हावी रही। आज जैसे ही बाजार खुला, इन्फोसिस, TCS और विप्रो जैसे दिग्गज शेयरों में भारी बिकवाली का दौर शुरू हो गया। महज कुछ ही मिनटों में निफ्टी आईटी इंडेक्स (Nifty IT Index) 1.50% तक टूट गया। यह गिरावट के पीछे का मुख्य कारण अमेरिकी बाजार में सॉफ्टवेयर शेयरों में बिकवाली और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता युद्ध का खतरा है।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भारतीय आईटी कंपनियों को दोहरा झटका लगा है। गुरुवार को अमेरिकी शेयर मार्केट में सॉफ्टवेयर कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त बिकवाली देखी गई, जिसका सीधा असर आज भारतीय शेयर बाजार में देखने को मिला है। Infosys ADR और Wipro ADR के साथ-साथ एक्सेंचर और कॉग्निजेंट जैसे ग्लोबल दिग्गजों में बिकवाली भारतीय निवेशकों के बीच डर का महौल है।
वहीं, दूसरी वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव है। ईरान के बॉर्डर पर भारी सैन्य टुकड़ियां और अमेरिका-ईरान युद्ध की आहट ने ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता पैदा कर दी है। आईटी कंपनियां अपनी कमाई के लिए बड़े पैमाने पर विदेशी क्लाइंट्स पर निर्भर रहती हैं। ऐसे में इस प्रकार की भू-राजनीतिक अस्थिरता उनके भविष्य के प्रोजेक्ट्स और रेवेन्यू के लिए बड़ा खतरा हैं।
एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर. ने कहा, भारतीय आईटी शेयरों में गिरावट के पीछे केवल युद्ध की चर्चा ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य टेक्निकल और इकोनॉमिक कारण भी हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त रुख और भारत के फियर गेज यानी India VIX में 10% से ज्यादा का उछाल निवेशकों को डरा रहा है। यह 13.46 के स्तर पर पहुंच गया है।
इसके अलावा, गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की लगातार बिकवाली के साथ-साथ घरेलू निवेशक भी नेट सेलर रहे। इससे मार्केट सेंटीमेंट पूरी तरह कमजोर हो गया। उन्होंने आगे कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था बुनियादी तौर पर मजबूत है, लेकिन मौजूदा समय में बाजार के लिए कोई पॉजिटिव ट्रिगर नहीं है, जिससे निवेशक रिस्क लेने से बच रहे हैं।
पिछले एक हफ्ते से IT शेयरों पर AI के कारण होने वाले बदलावों का डर देखने को मिल रहा है। निवेशकों को डर है कि AI पारंपरिक IT सर्विसों के मॉडल को चुनौती दे रहा है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वी.के. विजयकुमार ने कहा कि अमेरिका में AI शेयरों में गिरावट अपेक्षित थी। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय नजरिए से देखें तो AI ट्रेड में आई यह गिरावट एक तरह से पॉजिटिव है, क्योंकि पिछले साल की ग्लोबल रैली में भारत पीछे छूट गया था। हालांकि, फिलहाल आईटी शेयरों में हो रही बिकवाली चिंताजनक है क्योंकि यह भारतीय कॉर्पोरेट वर्ल्ड के मुनाफे का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है।
आईटी सेक्टर में भारी गिरावट के बीच निवेशकों को लॉन्ग टर्म के लिए निवेश की सलाह दी जा रही है। केसी सिक्योरिटीज के VP रिसर्च महेश एम. ओझा ने कहा कि TCS,Wipro, इन्फोसिस, HCL Tech और टेक महिंद्रा जैसे टॉप 5 शेयर मौजूदा समय में बहुत आकर्षक वैल्यूएशन पर मिल रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि इन शेयरों का डिविडेंड यील्ड 5% के करीब है। यह निवेशकों के लिए काफी फायदेमंद है। इन शेयरों में मौजूदा स्तर से 30% तक का रिटर्न मिलने की संभावना है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.