SEBI IPO Approval: भारतीय शेयर बाजार में नई हलचल की आहट है। सेबी ने एल्डेको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज और एसोसिएटेड पावर स्ट्रक्चर्स समेत आठ कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी दे दी है। इस अपडेट के बाद निवेशकों में उत्साह बढ़ गया है और मार्केट में नए अवसरों की उम्मीदें जग गई हैं।
नियामक मंजूरी प्राप्त करने वाली अन्य कंपनियां एचडी फायर प्रोटेक्ट लि., एक्सट्रानेट टेक्नोलॉजीज, पारिजात इंडस्ट्रीज इंडिया, रोटोमैग एनर्टेक, सीएसएम टेक्नोलॉजीज और एआईटीएमसी वेंचर्स लि. हैं।सूचना के अनुसार, इन आठों कंपनियों ने सितंबर और अक्टूबर के बीच सेबी के पास आईपीओ के लिए दस्तावेज दाखिल किए थे। उन्हें 28 से 30 जनवरी के बीच नियामक से टिप्पणियां मिलीं।
कितने शेयर जारी कर सकती हैं कंपनियां?
नियामक दृष्टि से, सेबी की टिप्पणी का मतलब सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी है।हरियाणा की रियल एस्टेट कंपनी एल्डेको इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लि. के प्रस्तावित आईपीओ के तहत 800 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रवर्तक 200 करोड़ रुपये तक के शेयर बिक्री पेशकश के अंतर्गत लाएंगे।
एचडी फायर प्रोटेक्ट का क्या है प्लान?
एसोसिएटेड पावर स्ट्रक्चर्स की विवरण पुस्तिका के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी करने के साथ प्रवर्तक लगभग 71.43 लाख इक्विटी शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के अंतर्गत लाएंगे। अग्निशमन उत्पादों की विनिर्माता और आपूर्तिकर्ता मुंबई स्थित एचडी फायर प्रोटेक्ट का आईपीओ पूरी तरह से बिक्री पेशकश है। इसमें प्रवर्तक 26,284,500 इक्विटी शेयर बिक्री पेशकश के अंतर्गत लाएंगे।
कृषि रसायन कंपनी पारिजात इंडस्ट्रीज (इंडिया) लि. के मसौदा दस्तावेज के अनुसार, सार्वजनिक निर्गम में 160 करोड़ रुपये के नए शेयर निर्गम के साथ प्रवर्तक तथा अन्य मौजूदा शेयरधारक 2.04 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएंगे।
गुजरात स्थित नवीकरणीय ऊर्जा उत्पाद कंपनी, रोटोमैग एनर्टेक के आईपीओ के तहत 500 करोड़ रुपये के नए शेयर लाएगा। इसके साथ प्रवर्तक बिक्री पेशकश के तहत 24,040,162 इक्विटी शेयर पेश करेंगे। भुवनेश्वर स्थित सीएसएम टेक्नोलॉजीज के प्रस्तावित आईपीओ में 1.29 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया निर्गम होगा। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है।