
IT Stocks Recovery: शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिल रही है। आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बेंचमार्क इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं। आज के शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर में हाहाकार मच गया और कई दिग्गज स्टॉक्स 8 फीसदी तक लुढ़क गए। हालांकि, दोपहर को इनमें शानदार रिकवरी देखी जा रही है, लेकिन व्यापक बाजार अभी भी गाढ़े लाल निशान में कामकाज कर रहा है।
आज के शुरुआती कारोबार में निफ्टी आईटी इंडेक्स एक बार फिर 5.2% की जोरदार गिरावट के साथ 31,422 के इंड्राडे लो पर पहुंच गया था। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन आईटी सेक्टर में भारी बिकवाली हो रही है। इस गिरावट के साथ फरवरी में आईटी इंडेक्स 12% डाउन हो गया है। वहीं, एक महीने में अब तक 15% से ज्यादा की गिरावट आई है, जो मार्च 2020 के बाद सबसे तेज मंथली गिरावट है। मार्च 2020 में आईटी इंडेक्स एक महीने में 16.10% लुढ़क गया था।
हालांकि, दिन चढ़ने के साथ वैल्यू बायिंग से इंडेक्स दिन के निचले स्तर से 4% से ज्यादा ऊपर चढ़ गया। इन्फोसिस, टीसीएस और विप्रो जैसे बड़े आईटी शेयर निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा टूटने वाले स्टॉक्स रहे, लेकिन बाद में इनमें भी अच्छी रिकवरी दिखी। फ्रंटलाइन आईटी शेयरों ने इंट्राडे लो से लगबग 5% तक की वापसी की है।
निवेशकों के बीच एडवांस्ड AI टूल्स टेक्नोलॉजी की वजह से डर का माहौल बना हुआ है। AI का डर टेक सेक्टर के साथ-साथ फाइनेंशियल सर्विसेज, ट्रांसपोर्टेशन और लॉजिस्टिक्स जैसे दूसरे सेक्टरों पर भी फैल रहा है। लिहाजा, वॉल स्ट्रीट पर रातों-रात भारी बिकवाली हुई और इसका असर भारतीय बाजार में भी दिख रहा है। दरअसल, निवेशकों को लग रहा है कि जेनरेटिव AI और ऑटोमेशन के नए-नए टूल्स आने से पारंपरिक बिजनेस मॉडल्स पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। खासकर भारतीय आईटी कंपनियों के लिए आउटसोर्सिंग का बिजनेस प्रभावित हो सकता है। AI अब कोडिंग, कस्टमर सपोर्ट और बैक-ऑफिस वर्क को खुद ही संभाल लेगा।
आज सुबह निफ्टी आईटी इंडेक्स में शामिल सभी 10 स्टॉक्स लाल निशान में कामकाज कर रहे थे। सबसे अधिक गिरावट इन्फोसिस में देखी गई थी, जो 6.3% तक लुढ़क गया था। इसके बाद कोफोर्ज, ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज, TCS, HCL Tech और विप्रो में 5% से ज्यादा की गिरावट आई थी। इन शेयरों में इन्फोसिस, ओरेकल फाइनेंशियल, TCS और विप्रो 52 सप्ताह के नए न्यूनतम स्तर पर पहुंच गए।
वहीं, दोपहर 1:37 बजे इन्फोसिस के शेयर 1.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कामकाज कर रहे हैं, जबकि विप्रो में 1.84 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है। ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज 1.62 प्रतिशत और TCS 2.03% की कमजोरी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। वहीं, HCL टेक के शेयरों में 0.84% और कोफोर्ज में 4.26% की गिरावट दर्ज की गई।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.