Jain Resource Recycling IPO: बुधवार को जैन रिसोर्स रिसाइक्लिंग लिमिटेड का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है, जबकि 26 सितंबर तक निवेशक इसे बुक कर सकते हैं। कंपनी ने आईपीओ के लिए शेयरों की कीमत 220-232 रुपये प्रति शेयर तय की है। वहीं, निवेशकों को कम से कम 64 शेयरों के लिए अप्लाई करना होगा। कंपनी ने आईपीओ लॉन्च होने से ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को एंकर निवेशकों के जरिए 562.5 करोड़ रुपये जुटाए।
GMP में अच्छी तेजी
बुधवार को जैन रिसोर्स आईपीओ खुलने से पहले इसके शेयर अच्छे प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहा थे। यह आज सुबह 30 रुपये प्रीमियम पर था। ऐसे में अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इसकी लिस्टिंग 262 रुपये के आसपास होने की उम्मीद है, जो लगभग 13 प्रतिशत लिस्टिंग गेन का संकेत दे रहा है।
मार्केट ऑब्जर्वर के मुताबिक, पिछले 6 कारोबारी सत्रों में जैन रिसोर्स आईपीओ का GMP आज सबसे अधिक है, जो अच्छी लिस्टिंग का भरोसा देता है। एक्सपर्ट रिपोर्ट के अनुसार, सबसे कम 13 रुपये जीएमपी था, जबकि सबसे अधिक 30 रुपये है।
दो हिस्सों में बंटा है आईपीओ
इस पब्लिक इश्यू के माध्यम से कंपनी 1250 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी की है। इसमें 500 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर इश्यू किए जाएंगे, जबकि 750 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। ऑफर फॉर सेल में कंपनी के प्रमोटर कमलेश जैन 715 करोड़ रुपये के शेयर ऑफलोड कर रहे हैं, जबकि मयंक पारीक 35 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।
इन जगहों पर खर्च होगा फंड
कंपनी ने बताया कि फ्रेश इक्विटी इश्यू के माध्यम से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल कर्ज को चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। आईपीओ के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर्स की भूमिका में डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और पीएल कैपिटल मार्केट्स हैं।