JK Tyre, IndiGo Shares: ट्रंप की चुनावी हार से क्रूड धड़ाम, जेके टायर से इंडिगो तक के शेयरों ने भरी उड़ान

JK Tyre, IndiGo Shares: अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद होने लगी है। इसे बीच ब्रेंट क्रूड के 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। इसके बाद JK टायर, इंडिगो, एशियन पेंट्स और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में 6% तक की तेजी आई।

Jitendra Singh
पब्लिश्ड5 Nov 2026, 10:33 AM IST
JK Tyre, IndiGo Shares: क्रूड की गिरावट से इन शेयरों को ईंधन मिला है।
JK Tyre, IndiGo Shares: क्रूड की गिरावट से इन शेयरों को ईंधन मिला है।(AI)
AI Quick Read

JK Tyre, IndiGo Shares: ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट आई है। इसके बाद भारतीय शेयर बाजार में रैली देखने को मिली। गुरुवार को JK टायर, इंडिगो, एशियन पेंट्स और कई तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में तेजी आई। कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के कारण एविएशन, टायर और पेंट कंपनियों के शेयरों को फायदा मिला है। ब्रेंट क्रूड की कीमत रातों-रात लगभग 9 फीसदी गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई।

Advertisement

कहा जा रहा है कि अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद अमेरिका-ईरान के बीच चल रहा तनाव कम हो सकता है। इससे कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट आई है। शुरुआती कारोबार में JK टायर 5.6 फीसदी बढ़कर 351.5 रुपये पर पहुंच गया, जबकि इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन 5.04 फीसदी की तेजी के साथ 5,400 रुपये पर आ गई। एशियन पेंट्स 4.44 फीसदी बढ़कर 2,525.7 रुपये पर पहुंच गया। वहीं अपोलो टायर्स में 4.37 फीसदी की बढ़त हुई और यह 420 रुपये पर आ गया।

HPCL, BPCL और IOC के शेयरों में भी उछाल

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL) 5.17 फीसदी बढ़कर 385.30 रुपये पर आ गया है। ऐसे ही भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPCL) 3.63 फीसदी बढ़कर 315.75 रुपये पर और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) 3.10 फीसदी बढ़कर 146.43 रुपये पर पहुंच गया। अन्य बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में CEAT भी शामिल है, जो 3.25 फीसदी बढ़कर 3,526 रुपये पर पहुंच गया। कंसाई नेरोलैक पेंट्स 2.84 फीसदी बढ़कर 200.86 रुपये पर आ गया। बर्जर पेंट्स 2.75 फीसदी की बढ़त के साथ 498.45 रुपये पर पहुंच गया। स्पाइसजेट भी 1.83 फीसदी बढ़कर 7.78 रुपये पर आ गया।

Advertisement

ONGC और ऑयल इंडिया के शेयरों में गिरावट

जहां कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से कई कंपनियों के शेयर चढ़े, वहीं तेल की खोज और उत्पादन करने वाली कंपनियों पर इसका उलटा असर दिखा। शुरुआती कारोबार में ओएनजीसी और ऑयल इंडिया के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। ऑयल इंडिया 3.07 फीसदी गिरकर 443.95 रुपये पर आ गया, जबकि ONGC 1.60 प्रतिशत फिसलकर 231.24 रुपये पर आ गया।

कच्चे तेल के दाम क्यों हुए धड़ाम?

गुरुवार को ग्लोबल लेवल पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार चौथे सत्र में गिरावट दर्ज की गई। ऐसा तब हुआ जब अमेरिकी चुनावों (मिडटर्म कांग्रेसनल इलेक्शन) में डेमोक्रेट्स को जीत हासिल हुई। इससे मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को चुनावों में मिली हार से इस बात की उम्मीद जगी है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़राइल के संघर्ष के और अधिक बढ़ने का खतरा कम हो सकता है।

Advertisement

एशियाई कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.03 फीसदी गिरकर 93.65 डॉलर प्रति बैरल पर आ गए, जबकि US वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) फ्यूचर्स 1.29 फीसदी की गिरावट के साथ 86.98 डॉलर पर आ गए। बुधवार को दोनों बेंचमार्क में 8-9 फीसदी की भारी गिरावट आई थी, जिससे ये 31 अगस्त के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। इस हफ्ते ब्रेंट में लगभग 20 फीसदी की गिरावट आई है। अगर यह गिरावट शुक्रवार तक जारी रहती है तो यह अप्रैल 2020 के बाद से तेल की कीमतों में सबसे बड़ी वीकली गिरावट होगी।

एविएशन, टायर और पेंट कंपनियों के शेयरों में क्यों आई तेजी ?

कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से उन कंपनियों के प्रति सेंटिमिेट बेहतर हुआ है, जो पेट्रोलियम से बनने वाले ईंधन और कच्चे माल पर काफी हद तक निर्भर हैं। इंडिगो के लिए, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) एक बड़ा परिचालन खर्च ( operating expense) है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से ईंधन की लागत कम हो सकती है और एयरलाइन की मुनाफे की स्थिति को बड़ा सपोर्ट मिल सकता है।

Advertisement

JK टायर, अपोलो टायर्स और CEAT जैसी टायर बनाने वाली कंपनियों को सिंथेटिक रबड़, कार्बन ब्लैक और पेट्रोलियम से जुड़े अन्य कच्चे माल की लागत कम होने से फायदा मिल सकता है। एशियन पेंट्स, बर्जर पेंट्स और कंसाई नेरोलैक जैसी पेंट बनाने वाली कंपनियों को भी कच्चे माल की लागत में राहत मिल सकती है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को बेहतर मार्केटिंग मार्जिन से फायदा हो सकता है, जबकि कच्चे तेल की कम प्राप्ति (realisation) ONGC और ऑयल इंडिया जैसी अपस्ट्रीम उत्पादक कंपनियों की कमाई पर दबाव पड़ सकता है।

Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।

Advertisement

About the Author

जितेन्द्र सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से B.Sc (भौतिक शास्त्र और रसायन शास्त्र) की डिग्री हासिल की है। इसके बाद साल 2007 में मुंबई के भारतीय विद्या...Read More

होममार्केटJK Tyre, IndiGo Shares: ट्रंप की चुनावी हार से क्रूड धड़ाम, जेके टायर से इंडिगो तक के शेयरों ने भरी उड़ान
अगला लेख पढ़ें
OPEN IN APP
HomeMarketsPortfolioPremiumGet App