JSW Cement IPO Subscription Status: सीमेंट सेक्टर की जानी-मानी कंपनी JSW Cement Limited का आईपीओ आज बंद हो रहा है। ऐसे में निवेशकों के पास इस मेनबोर्ड IPO में अप्लाई करने के लिए आखिरी मौका बचा है। यह आईपीओ 7 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। यह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों इंडेक्सों पर लिस्ट होगा। कंपनी ने अपने शेयरों की कीमत 139 से 147 प्रति शेयर तय की है। इस IPO के माध्यम से कंपनी 3,600 करोड़ जुटाने की योजना बनाई है, जिसमें से 1,600 करोड़ के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 2,000 करोड़ ऑफर फॉर सेल (OFS)शामिल है।
JSW Cement IPO GMP Today
आज इसके शेयर प्राइमरी मार्केट में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। JSW Cement IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 9 रुपये है, जबकि शुक्रवार के 17 रुपये पर था। यानी GMP में 8 रुपये की गिरावट आई है। इस गिरावट का कारण शेयर बाजार में कमजोर माहौल माना जा रहा है। निफ्टी 50 इंडेक्स लगातार छह हफ्तों से नुकसान में है, जिसका असर ग्रे मार्केट पर भी पड़ा है। 5 अगस्त को JSW Cement के शेयर ग्रे मार्केट में 19 रुपये के प्रीमियम पर शुरू हुए थे, लेकिन एक हफ्ते में यह 50% से ज्यादा गिरकर 9 रुपये पर आ गया।
IPO सब्सक्रिप्शन स्टेटस
बता दें कि इस आईपीओ को दूसरे दिन तक 0.56 गुना सब्सक्राइब किया गया। रिटेल इन्वेस्टर्स की कैटेगरी में 0.72 गुना बोलियां मिलीं, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) सेगमेंट में 0.62 गुना बुक हुआ। इसके अलावा, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) सेगमेंट में 0.24 गुना बुक हुआ। JSW Cement IPO में निवेशकों का औसत समर्थन ही देखने को मिला है। लेकिन आज आखिरी दिन इसमें उछाल आने की उम्मीद है।
बुक करें या नहीं?
रिलायंस सिक्योरिटीज ने इस सार्वजनिक पेशकश को 'सब्सक्राइब' रेटिंग दी है। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, JSW Cement अपनी स्केल, लागत में फायदा, और पर्यावरण, सामाजिक, और गवर्नेंस (ESG) के मामले में शानदार प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। इन्फ्रास्ट्रक्चर और हाउसिंग सेक्टर में बढ़ती डिमांड और कम कार्बन वाले कंट्रक्शन मैटेरियल की पसंद के चलते कंपनी का भविष्य अच्छा दिख रहा है। IPO के माध्यम से निवेशकों को एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार सीमेंट कंपनी में हिस्सेदारी का मौका मिल रहा है। सीमेंट सेक्टर में बड़े खिलाड़ी अपनी क्षमता बढ़ा रहे हैं, जबकि छोटे क्षेत्रीय खिलाड़ी लागत के दबाव में हैं। इससे बाजार में एकीकरण की उम्मीद है, जो JSW Cement जैसे बड़े खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद होगा।