M-Cap: सेंसेक्स की 10 बड़ी कंपनियों में से 7 को भारी नुकसान, निवेशकों की संपत्ति में 1.25 लाख करोड़ रुपये की गिरावट

M-Cap of top 10 companies: शेयर बाजार में पिछले सप्ताह उतार-चढ़ाव का असर देश की कई बड़ी कंपनियों पर देखने को मिला। कुछ दिग्गज कंपनियों की बाजार हैसियत घटी, जबकि कुछ ने मजबूती दिखाई। जानें किसे हुआ सबसे ज्यादा घाटा, किसने की मोटी कमाई।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड7 Jun 2026, 04:13 PM IST
सेंसेक्स की 10 बड़ी कंपनियों में से 7 को झटका, 1.25 लाख करोड़ रुपये घटा मार्केट कैप
सेंसेक्स की 10 बड़ी कंपनियों में से 7 को झटका, 1.25 लाख करोड़ रुपये घटा मार्केट कैप

M-Cap of top 10 companies: शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई कमजोरी का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखाई दिया। सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एक हफ्ते के भीतर इन कंपनियों की संयुक्त बाजार हैसियत करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये घट गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही सप्ताह के दौरान लाल निशान में बंद हुए, जिसका सीधा असर बड़ी कंपनियों के वैल्यूएशन पर पड़ा।

सेंसेक्स और निफ्टी दोनों औंधे मुंह गिरे

समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान बीएसई सेंसेक्स 532.40 अंक यानी 0.71 प्रतिशत फिसल गया। वहीं एनएसई निफ्टी में भी 181.05 अंकों यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में आई इस नरमी ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया और कई बड़ी कंपनियों के शेयर दबाव में रहे। इसका नतीजा उनके मार्केट कैप में कमी के रूप में सामने आया।

रिलायंस को सबसे बड़ा झटका

मार्केट कैप के लिहाज से सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। रिलायंस का मार्केट कैप अकेले 39,718 करोड़ रुपये घट गया, जिसके बाद अब इसकी कुल हैसियत 17,47,321.40 करोड़ रुपये रह गई है। हालांकि, इस झटके के बावजूद रिलायंस देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के तौर पर पहले पायदान पर मजबूती से टिकी हुई है।

रिलायंस के बाद दूसरा बड़ा झटका देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस (TCS) को लगा, जिसका वैल्यूएशन 20,134.66 करोड़ रुपये कम होकर 7,95,346.09 करोड़ रुपये पर आ गया।

इन दिग्गज कंपनियों की भी घटी हैसियत

भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 18,736.04 करोड़ रुपये घटकर 10,96,150.49 करोड़ रुपये रह गई। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मूल्यांकन 16,880.20 करोड़ रुपये की कमी के साथ 5,43,956.44 करोड़ रुपये पर आ गया। सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी (LIC) का बाजार मूल्य 14,610.74 करोड़ रुपये घटकर 5,05,873.32 करोड़ रुपये रहा।

बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 9,681.36 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,53,580.97 रुपये रह गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 5,909.23 करोड़ रुपये घटकर 4,98,301.31 करोड़ रुपये पर आ गया।

डूबते बाजार में चमके ये 3 बैंक

जहां अधिकांश बड़ी कंपनियां दबाव में रहीं, वहीं बैंकिंग सेक्टर की कुछ दिग्गज कंपनियों ने मजबूती दिखाई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का मूल्यांकन 12,692.09 करोड़ रुपये बढ़कर 9,02,523.63 करोड़ रुपये रहा।

प्राइवेट सेक्टर के ICICI बैंक की बाजार हैसियत भी 4,484.86 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 9,05,074.77 करोड़ रुपये हो गई। HDFC बैंक का मूल्यांकन भी 4,101.47 करोड़ रुपये बढ़ गया, जिसके बाद इसकी कुल हैसियत 11,50,743.31 करोड़ रुपये हो गई है। इन बैंकों की मजबूती ने बाजार को और ज्यादा नीचे गिरने से बचा लिया।

टॉप 10 की नई लिस्ट: कौन कहां टिका है?

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममार्केटM-Cap: सेंसेक्स की 10 बड़ी कंपनियों में से 7 को भारी नुकसान, निवेशकों की संपत्ति में 1.25 लाख करोड़ रुपये की गिरावट
More