मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के कारण पिछले सप्ताह बीएसई की शीर्ष 10 कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण में कुल 79,129 करोड़ रुपये की कमी आई।
बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और एलआईसी के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी दो ऐसी कंपनियां रहीं, जिनका संयुक्त बाजार पूंजीकरण 25,345 करोड़ रुपये बढ़ा।
सबसे ज्यादा नुकसान बजाज फाइनेंस को हुआ, जिसका बाजार पूंजीकरण 19,290 करोड़ रुपये घट गया। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 18,516 करोड़ रुपये कम हुआ। भारती एयरटेल को 13,885 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक को 7,846 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
आईटी कंपनियों में इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 7,146 करोड़ रुपये और टीसीएस का 6,784 करोड़ रुपये घटा। एचडीएफसी बैंक के बाजार मूल्य में 4,461 करोड़ रुपये और एलआईसी के बाजार पूंजीकरण में 1,202 करोड़ रुपये की कमी आई।
दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 20,434 करोड़ रुपये बढ़ा, जबकि एलएंडटी के बाजार मूल्य में 4,911 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
बाजार पूंजीकरण के हिसाब से रिलायंस इंडस्ट्रीज 21,05,653 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर बनी रही। एचडीएफसी बैंक 15,38,559 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और भारती एयरटेल 11,87,948 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही।