मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद बीएसई की टॉप-10 कंपनियों में से छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (एमकैप) में पिछले सप्ताह कुल 75,257 करोड़ रुपये की बढ़त हुई। वहीं, बाकी चार कंपनियों के एमकैप में कुल 45,842 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा फायदा आईटी कंपनी टीसीएस को हुआ, जिसका बाजार पूंजीकरण 22,595 करोड़ रुपये बढ़ा। इसके बाद इंफोसिस के एमकैप में 16,972 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
भारतीय स्टेट बैंक का बाजार मूल्य 15,923 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 12,315 करोड़ रुपये बढ़ा। भारती एयरटेल को 7,384 करोड़ रुपये का लाभ हुआ, जबकि लार्सन एंड टूब्रो के एमकैप में करीब 69 करोड़ रुपये की मामूली बढ़त रही।
दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 21,920 करोड़ रुपये घट गया। एलआईसी के एमकैप में 9,614 करोड़ रुपये, आईसीआईसीआई बैंक में 8,428 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस में 5,880 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
सप्ताह के अंत में बाजार पूंजीकरण के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज 21.18 लाख करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर रही। दूसरे नंबर पर एचडीएफसी बैंक रहा, जबकि तीसरे स्थान पर भारती एयरटेल बनी रही।