Maruti Suzuki Q3 Results 2026: दिग्गज कार मैन्युफैक्चरर मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार ने मौजूदा वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही का रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी ने अपने वित्तीय रिजल्ट से निवेशकों को खुश कर दिया है। फेस्टिव सीजन के दौरान कारों की भारी डिमांड और सरकार की तरफ से GST दरों में दी गई छूट ने मारुति की रफ्तार को दोगुना कर दिया है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 3,794 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 3.7% अधिक है। पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 3,659.3 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
मारुति के रेवेन्यू में भारी उछाल
हालांकि, यह मुनाफा और भी ज्यादा हो सकता था, लेकिन नए लेबर कोड की वजह से कंपनी को 593.9 करोड़ रुपये का एकमुश्त प्रावधान करना पड़ा। मारुति के ऑपरेशनल रेवेन्यू में भी 28.7% की भारी उछाल आई है, जो अब बढ़कर 49,891.5 करोड़ रुपये हो गया है।
मारुति सुजुकी ने दर्ज किया रिकॉर्ड सेल
मारुति सुजुकी ने डोमैस्टिक मार्केट में अपनी अब तक की सबसे बड़ी छलांग लगाई है। रिपोर्ट की गई तिमाही में इसने 564,669 गाड़ियां बेची हैं। वहीं, पिछले साल 466,993 यूनिट्स की बिक्री हुई ती। यानी सीधे तौर पर 97,676 अधिक कारों की बिक्री हुई है। यदि इसमें एक्सपोर्ट किए गए 103,100 यूनिट्स को भी जोड़ दिया जाए, तो मारुति ने कुल 667,769 यूनिट्स की रिकॉर्ड सेल दर्ज की है।
मार्जिन में गिरावट
दिसंबर 2025 तिमाही में मारुति सुजुकी का EBITDA 10% बढ़कर 5,572 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, EBITDA मार्जिन 13% से गिरकर 11.2% पर आ गया है। यही कारण है कि शानदार नतीजों के बावजूद शेयर बाजार में मारुति के शेयर दबाव में नजर आए। आज के सत्र में कंपनी के शेयर करीब 2.39% की गिरावट के साथ 14,876.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
मारुति सुजुकी टेक्निकल एनालिसिस
बता दें कि मारुति सुजुकी के शेयर करेक्टिव फेज से गुजर रहे हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के एनालिस्ट्स के मुताबिक, शेयरों की कीमत मौजूदा समय में 200DEMA सपोर्ट के करीब हैं और 14,700 रुपये के स्तर पर कामकाज कर रहे हैं। इसके साथ ही RSI इंडिकेटर भी ओवरसोल्ड जोन में जा चुका है। यानी अगर शेयर अपने मौजूदा लेवल पर टिकता है, तो आने वाले समय में पुलबैग देखने को मिल सकता है।