MCap of Top 10 Companies: शेयर बाजार में हर हफ्ते कंपनियों के मार्केट कैप (बाजार पूंजीकरण) में बदलाव होता है। बीते सप्ताह बीएसई की टॉप 10 कंपनियों में कुछ ने शानदार बढ़त दर्ज की, तो कुछ को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
SBI और इन्फोसिस की चमकी किस्मत
बीएसई की शीर्ष 10 कंपनियों में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और इन्फोसिस के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह जोरदार तेजी दर्ज की गई। सार्वजनिक क्षेत्र के एसबीआई का मार्केट कैप एक ही हफ्ते में 39,046 करोड़ रुपये बढ़ गया। वहीं आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी इन्फोसिस के एमकैप में 31,015 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखने को मिली।
ICICI बैंक को भी मिला सपोर्ट
निजी क्षेत्र के ICICI Bank के लिए भी हफ्ता सकारात्मक रहा। बैंक का बाजार पूंजीकरण 5,795 करोड़ रुपये बढ़ा, जो यह दिखाता है कि निवेशकों का भरोसा चुनिंदा बैंकिंग शेयरों में अब भी बना हुआ है।
इन सात दिग्गजों को हुआ नुकसान
शीर्ष 10 में शामिल बाकी सात कंपनियों को बाजार पूंजीकरण के मोर्चे पर झटका लगा। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का एमकैप 23,952 करोड़ रुपये घट गया, जबकि निर्माण और इंजीनियरिंग सेक्टर की लार्सन एंड टूब्रो को 23,502 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
बैंकिंग और FMCG शेयरों पर दबाव
इसके अलावा HDFC बैंक के बाजार पूंजीकरण में 11,615 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। टेलीकॉम सेक्टर की भारती एयरटेल का एमकैप 6,443 करोड़ रुपये घटा, जबकि बजाज फाइनेंस को 6,254 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। एफएमसीजी सेक्टर की हिंदुस्तान यूनीलिवर का एमकैप 3,313 करोड़ रुपये और आईटी दिग्गज टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 470 करोड़ रुपये कम हुआ।
मार्केट कैप की रेस में कौन सबसे आगे
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 19,72,493 करोड़ रुपये के साथ बीएसई में पहले स्थान पर बनी हुई है। एचडीएफसी बैंक 14,32,535 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि टीसीएस 11,60,212 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ तीसरे स्थान पर कायम है।