MCap of top 10 companies: टॉप-10 में से 8 कंपनियों ने गंवाए 2.81 लाख करोड़ रुपये, बैंकिंग सेक्टर बेहाल

MCap of top 10 companies: पिछले हफ्ते शेयर बाजार में आई गिरावट का असर देश की बड़ी कंपनियों पर भी पड़ा है। बीएसई की टॉप कंपनियों के बाजार मूल्य में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिससे निवेशकों की नजर बाजार की अगली चाल पर टिकी हुई है।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम वार्ता)
अपडेटेड8 Mar 2026, 03:47 PM IST
पिछले हफ्ते बाजार की गिरावट में किस कंपनी को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान और किसे हुआ फायदा?
पिछले हफ्ते बाजार की गिरावट में किस कंपनी को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान और किसे हुआ फायदा?(Bloomberg)

MCap of top 10 companies: शेयर बाजार के लिए पिछला हफ्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। चारों तरफ लाल निशान और गिरते शेयरों ने दलाल स्ट्रीट में खलबली मचा दी थी। टॉप-10 में से 8 कंपनियों की वैल्यू ताश के पत्तों की तरह ढह गई, जिससे अरबों रुपये स्वाहा हो गए। आइए जानते हैं किस कंपनी को कितना नुकसान हुआ और किसे कितना फायदा।

दिग्गज कंपनियों को लगा तगड़ा झटका

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में जो गिरावट आई, उसने देश की टॉप-10 कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू (M-Cap) में से 2,81,582 करोड़ रुपये कम कर दिए। सबसे ज्यादा गाज बैंकिंग सेक्टर पर गिरी। सरकारी बैंक SBI को सबसे तगड़ा झटका लगा और उसकी वैल्यू 53,953 करोड़ कम हो गई। निजी बैंकों का हाल भी कुछ ऐसा ही था, ICICI Bank ने 46,937 करोड़ और HDFC Bank ने 46,552 करोड़ गंवा दिए।

L&T, बजाज फाइनेंस और TCS को भी नुकसान

बाजार में कमजोरी का असर कई अन्य बड़ी कंपनियों पर भी पड़ा। इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का बाजार पूंजीकरण करीब 45,629 करोड़ रुपये घट गया। वहीं बजाज फाइनेंस के एमकैप में 28,935 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का बाजार पूंजीकरण भी 28,492 करोड़ रुपये कम हो गया।

हिंदुस्तान यूनिलीवर और एयरटेल पर भी असर

एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में 26,351 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी भारती एयरटेल का एमकैप भी करीब 4,732.75 करोड़ रुपये घट गया।

डूबते बाजार के बीच इन दो कंपनियों की चांदी

जहां एक तरफ बड़ी-बड़ी कंपनियों के पसीने छूट रहे थे, वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और इंफोसिस ने निवेशकों को थोड़ा सुकून दिया। रिलायंस की मार्केट वैल्यू 14,750 करोड़ बढ़ गई, वहीं इंफोसिस की वैल्यू में भी 3,459 करोड़ का इजाफा हुआ। इन दोनों कंपनियों के कुल 18,209 करोड़ बढ़ने से बाजार को थोड़ा सहारा मिला।

इन सबके बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज 19,01,583 करोड़ की वैल्यू के साथ देश की नंबर-1 कंपनी बनी हुई है। इसके बाद HDFC बैंक और भारती एयरटेल का नंबर आता है।

बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव आना सामान्य बात है, लेकिन जब बाजार में बड़ी गिरावट आती है तो इसका असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों के मूल्यांकन पर भी दिखने लगता है।

पिछले सप्ताह का आंकड़ा यही दिखाता है कि बाजार में कमजोरी का असर कितनी तेजी से बड़े कॉरपोरेट्स पर पड़ सकता है। आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि बाजार फिर से मजबूती पकड़ता है या उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममार्केटMCap of top 10 companies: टॉप-10 में से 8 कंपनियों ने गंवाए 2.81 लाख करोड़ रुपये, बैंकिंग सेक्टर बेहाल
More