HDFC बैंक से रिलायंस तक 9 दिग्गज कंपनियों को झटका, एक हफ्ते में ₹2.74 लाख करोड़ स्वाहा; सिर्फ HUL ने बचाई लाज

Mcap of Top 10 Firms: भारतीय शेयर बाजार में बीते सप्ताह आई तेज गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों पर भी दिखा। टॉप-10 कंपनियों में से 9 का संयुक्त मार्केट कैप ₹2.74 लाख करोड़ घट गया। सबसे बड़ा झटका HDFC Bank को लगा। वहीं HUL के मार्केट कैप में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Jitendra Singh
अपडेटेड26 Jul 2026, 01:54 PM IST
Mcap of Top 10 Firms: पूरे हफ्ते शेयर बाजार दबाव में रहा।
Mcap of Top 10 Firms: पूरे हफ्ते शेयर बाजार दबाव में रहा।

Mcap of Top 10 Firms: भारतीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई तेज गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों पर भी साफ दिखाई दिया। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में लगातार कमजोरी के चलते देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 का संयुक्त मार्केट कैप ₹2.74 लाख करोड़ घट गया। इस दौरान सबसे बड़ा नुकसान HDFC Bank को हुआ, जबकि Hindustan Unilever (HUL) अकेली ऐसी कंपनी रही जिसने गिरते बाजार में भी निवेशकों को राहत दी।

पूरे हफ्ते शेयर बाजार दबाव में रहा। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और निवेशकों के कमजोर सेंटीमेंट ने बाजार पर नकारात्मक असर डाला। इसके अलावा बैंकिंग सेक्टर के पहली तिमाही (Q1) के मिले-जुले नतीजों ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई। इसी वजह से सेंसेक्स 2,091.68 अंक (2.67%) और निफ्टी 566.85 अंक (2.32%) टूटकर सप्ताह का कारोबार समाप्त हुआ।

HDFC Bank को लगा सबसे बड़ा झटका

हफ्तेभर की गिरावट में सबसे बड़ा नुकसान HDFC Bank को हुआ। बैंक का मार्केट कैप ₹1,18,383.91 करोड़ घटकर ₹11,43,985.90 करोड़ रह गया। बैंक के शेयर सप्ताहभर में करीब 9.40% टूटे। बाजार में मार्जिन को लेकर चिंता और तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों की बिकवाली का सबसे ज्यादा असर HDFC Bank पर देखने को मिला।

यह भी पढ़ें | अगस्त में Zepto समेत ये 12 से ज्यादा कंपनियां जुटाएंगी ₹25,000 करोड़

Reliance Industries भी भारी दबाव में

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ( Reliance Industries) भी गिरावट से नहीं बच सकी। कंपनी का मार्केट कैप ₹65,429.82 करोड़ घटकर ₹17,29,661.44 करोड़ पर आ गया। रिलायंस के शेयरों में कमजोरी ने भी बाजार की कुल गिरावट में अहम योगदान दिया।

SBI और बजाज फाइनेंस को भी बड़ा नुकसान

सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (State Bank of India - SBI) का मार्केट कैप ₹26,814.94 करोड़ घटकर ₹9,36,953.84 करोड़ रह गया। वहीं बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) की वैल्यूएशन ₹26,802.74 करोड़ घटकर ₹6,30,471.54 करोड़ पर पहुंच गई। दोनों कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का असर उनके मार्केट कैप पर साफ दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें | सुमीत बगाड़िया ने चुने ₹100 से कम के 3 शेयर, जानें टारगेट और स्टॉप लॉस

LIC और ICICI Bank में भी गिरावट

लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (Life Insurance Corporation of India (LIC) का मार्केट कैप ₹15,116.74 करोड़ घटकर ₹5,33,007.56 करोड़ रह गया। वहीं ICICI Bank का मार्केट कैप ₹6,223.84 करोड़ घटकर ₹10,28,217.93 करोड़ पर पहुंच गया। इसके अलावा भारती एयरटेल (Bharti Airtel), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services - TCS) और लार्सन एंड टुब्रो (Larsen & Toubro - L&T) के मार्केट कैप में भी गिरावट दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें | इस हफ्ते सेंसेक्स 2,091 अंक टूटा, जानें अगले हफ्ते किन ट्रिगर्स पर रहेगी नजर

सिर्फ HUL ने बचाई निवेशकों की लाज

जहां टॉप-10 कंपनियों में से नौ कंपनियों का मार्केट कैप घटा, वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर (Hindustan Unilever - HUL) अकेली ऐसी कंपनी रही जिसने इस गिरावट के दौर में भी बढ़त दर्ज की। गिरते बाजार में HUL का प्रदर्शन निवेशकों के लिए राहत भरा रहा और यह सप्ताह की एकमात्र बड़ी विजेता कंपनी रही। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप ₹152.73 करोड़ बढ़कर ₹5,03,928.59 करोड़ हो गया।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममार्केटHDFC बैंक से रिलायंस तक 9 दिग्गज कंपनियों को झटका, एक हफ्ते में ₹2.74 लाख करोड़ स्वाहा; सिर्फ HUL ने बचाई लाज
More