Meesho Share Price: शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुए ई-कॉमर्स सेक्टर के स्टॉक मीशो (Meesho) ने तहलका मचा दिया है। बुधवार, 17 दिसंबर को कंपनी के शेयरों ने लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में अपना नया रिकॉर्ड लेवल छुआ, जिससे निवेशकों की चांदी हो गई है। बुधवार को बाजार खुलते ही स्टॉक में 20 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा और 216.35 रुपये के लेवल पर लॉक हो गया। मीशो के आईपीओ निवेशकों को मोटा रिटर्न मिल चुका है।
तीन से जारी है रैली
मीशो लिमिटेड ने महज 111 रुपये के भाव पर अपना आईपीओ लेकर आई थी और आज इसकी कीमत 216 रुपये के पार हो चुकी है। यानी आईपीओ निवेशकों को 95 प्रतिशत का भारी रिटर्न मिल चुका है। पिछले तीन दिनों से इस स्टॉक में रैली देखी जा रही है। यह क्रमश: 5.6 प्रतिशत, 3.4 प्रतिशत और 20 प्रतिशत की छलांग लगाई है। केवल तीन दिनों के दौरान शेयरों की कीमत में 31 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
अभी और आएगी तेजी
मीशो के शेयरों में तेजी की महत्वपूर्ण वजह ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म UBS की ताजा रिपोर्ट है। फर्म ने मीशो पर पॉजिटिव आउटलुक दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने इस स्टॉक को खदीदने की सलाह दी है, जिसके लिए 220 रुपये का टार्गेट प्राइस सेट किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि आज की रिकॉर्ड हाई के बावजूद स्टॉक में अभी और तेजी की गुंजाइश बाकी है। UBS की यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब निवेशक कंपनी के बिजनेस मॉडल को समझने की कोशिश कर रहे थे। UBS ने साफ किया है कि मीशो का एसेट-लाइट मॉडल इसे दूसरी इंटरनेट कंपनियों से अलग और ज्यादा सुरक्षित बनाता है।
क्यों भाग रहे शेयर?
ई-कॉमर्स कंपनियां अक्सर अपने घाटे और भारी खर्चों के लिए जानी जाती हैं, लेकिन मीशो का मामला एकदम उलट है। जानकारों का कहना है कि कंपनी का निगेटिव वर्किंग कैपिटल मॉडल इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इसका मतलब है कि कंपनी को अपने कामकाज के लिए भारी कर्ज या कैश की जरूरत नहीं पड़ती है। इससे भविष्य मुनाफे की राह आसान हो जाती है। UBS का अनुमान है कि साल 2030 तक कंपनी की नेट मर्चेंडाइज वैल्यू (NMV) में 30 प्रतिशत की सालाना की दर से बढ़त आ सकती है।